जोशी दून व सैंथिल हरिद्वार के नये SSP

देहरादून (गढ़वाल का विकास न्यूज)। गृह विभाग ने 6 IPS व 3 PPS अफसरों के तबादले कर दिये हैं। देहरादून, हरिद्वार व बागेश्वर के पुलिस कप्तान बदल दिये गये हैं। दून की कमान अरुण मोहन जोशी और हरिद्वार की सेंथिल अबूदई कृष्ण राज एस. को दी गयी है।
गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार दून की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक निवेदिता कुकरेती को हटा कर उन्हें पुलिस अधीक्षक अभिसूचना मुख्यालय व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उत्तराखंड पावर कारपोरेशन लि. सतर्कता सेल बनाया गया है। उनकी जगह आईआरबी द्वितीय के सेनानायक रहे अरुण मोहन जोशी को दून की कमान सौंपी गयी है। इसी तरह हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जन्मेजय खंडूड़ी को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला के साथ सेनानायक आईआरबी द्वितीय की जिम्मेदारी दी गई है। अब तक पुलिस अधीक्षक सतर्कता मुख्यालय सेंथिल अबुदेई कृष्ण राज एस. को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार बनाया गया है। पुलिस अधीक्षक बागेश्वर लोकेश्वर सिंह को पुलिस अधीक्षक (क्षेत्रीय) हल्द्वानी की जिम्मेदारी दी गई है और उनकी जगह पुलिस अधीक्षक (क्षेत्रीय) हल्द्वानी प्रीति प्रियदर्शिनी को भेजा गया है।
इसके साथ गृह विभाग ने प्रांतीय पुलिस सेवा के तीन अफसरों का तबादला भी किया है। जिनमें अपर पुलिस अधीक्षक क्षेत्रीय देहरादून मणिकांत मिश्र को अपर पुलिस अधीक्षक सीआईडी सेक्टर देहरादून की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अपर पुलिस अधीक्षक सीआईडी सेक्टर देहरादून सरिता डोभाल को अपर पुलिस अधीक्षक क्षेत्रीय देहरादून का कार्यभार दिया गया है। उप सेनानायक एसडीआरएफ जौलीग्रांट हरबंस सिंह को उत्तराखंड पावर कारपोरेशन लि. सतर्कता सेल भें भेजा गया है। अपर सचिव अतर सिंह द्वारा जारी आदेश में सभी पुलिस अफसरों को तत्काल प्रभाव से अपना नया कार्यभार संभालने के निर्देश दिये हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *