नई दिल्ली। दिल्ली की पूर्व CM और दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित का शनिवार को निधन हो गया। पूर्व सीएम की आकस्मिक मौत से पार्टी में शोक की लहर है। उनके निधन पर राष्ट्रपति, पीएम मोदी, दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल और राहुल गांधी ने शोक व्यक्त किया है।
कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीली दीक्षित का शनिवार को 81 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। वे लंबे समय से बीमार थीं और उनका एस्कॉर्ट हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था। डॉक्टरों के मुताबिक, शीला दीक्षित को दोपहर 3 बजकर 15 मिनट पर उन्हें दिल का दौरा पड़ा और दोपहर 3 बजकर 55 मिनट पर अंतिम सांस ली। शीला दीक्षित करीब 15 सालों तक दिल्ली की मुख्यमंत्री रहीं और उसके बाद उन्हें केरल का राज्यपाल बनाया गया था। शीला दीक्षित के निधन से देश भर के राजनेता सकते में हैं। उनके निधन पर राष्ट्रपति, दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल, पीएम मोदी और राहुल गांधी ने शोक व्यक्त किया।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्वीट कर दुख जताया। उन्होंने कहा कि दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और एक वरिष्ठ राजनेता श्रीमती शीला दीक्षित के निधन के बारे में जानकर दुख हुआ। उनका कार्यकाल राजधानी दिल्ली के लिए महत्वपूर्ण परिवर्तन का दौर था जिसके लिए उन्हें याद किया जाएगा। उनके परिवार व सहयोगियों के प्रति मेरी शोक-संवेदनाएं।
पीएम नरेन्द्र मोदी ने शीला दीक्षित के निधन पर शोक जताया। उन्होंने एक तस्वीर के साथ ट्वीट कर कहा, ”शीला दीक्षित जी के निधन पर बेहद दुख हुआ. दिल्ली के विकास में उनका बड़ा योगदान रहा।”
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने उनके निधन पर ट्वीट कर कहा कि कांग्रेस पार्टी की प्यारी बेटी शीला दीक्षित के निधन के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर शीला दीक्षित के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि यह दिल्ली के लिए बड़ा नुकसान है. उनके योगदान को याद किया जाएगा।
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने शीला दीक्षित के निधन पर कहा कि मैं सदमे में हूं। उन्होंने कहा कि देश ने बेहतरीन नेता खो दिया।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शीला दीक्षित के निधन पर दुख जताया। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित जी के दुःखद निधन का समाचार सुन स्तब्ध हूँ,परिवार के प्रति मेरी शोक संवेदनाएँ। उनका निधन राजनैतिक क्षेत्र की ऐसी क्षति है जो अपूर्णीय है. ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणो में स्थान व पीछे परिजनो को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करे।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और काँग्रेस की वरिष्ठ नेता शिला दीक्षित के देहांत की खबर सुनकर व्यथित हूं। दिल्ली के विकास में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा. उनके परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं. भगवान शीला जी की दिवंगत आत्मा को शांति दे. ॐ शांतिः।
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने ट्वीट कर कहा कि शीला दीक्षित जी की आकस्मिक निधन से पीड़ा हुई। इनके साथ ही एक राजनीतिक युग गुजर गया। 40 साल से मैं उन्हें जानता था। वह मेरे लिए एक बड़ी बहन की तरह थीं, मेरे मुश्किल क्षणों में मेरा मार्गदर्शन और समर्थन करती थीं. मैं आपको याद करूंगा शीला जी।
गृहमंत्री और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती शीला दीक्षित जी के निधन से अत्यंत दुखी हूं. मैं उनके परिजनों और समर्थकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हू़ं। ईश्वर दु:ख की इस घड़ी में उनके परिवार को शक्ति दे और दिवंगत आत्मा को चिर शांति प्रदान करे . ॐ शांति शांति शांति।