मंगलौर। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने दो टूक कहा कि सरकार आर्थिक संकट से जूझ रही है। इसलिए किसानों को कर्ज माफ करने में प्रदेश सरकार सक्षम नहीं है। अलबत्ता किसानों के हितों के लिए सरकार से जो कुछ भी हो सकेगा, वह किया जायेगा।
शनिवार को हाईवे स्थित एक होटल परिसर में भाजपा किसान मोर्चा के सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने बिना लाग लपेट के कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के कज्रे माफ करने की स्थिति में नहीं है। उन्होंने कहा कि किसान उन्नत बीजों का प्रयोग कर पैदावार बढ़ायें जिससे उनकी आमदनी बढ़ेगी तथा खुशहाली आएगी। उन्होंने भाजपा किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं से कहा कि सरकार की किसान हित में चलाई जा रही योजनाओं को किसानों के बीच जाकर उन्हें उनके बारे में जानकारी दें और उन्हें बतायें कि किस प्रकार इन योजनाओं का किसान लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने किसानों को आश्वासन देते हुए कहा कि किसान हित में जो भी बन पड़ेगा, सरकार उसे जरूर करेगी, लेकिन 11 हजार करोड़ के कर्ज माफ करने में सरकार सक्षम नहीं है।