निगम के कर्मचारियों को समय पर वेतन भुगतान के भी दिये निर्देश
देहरादून (गढ़वाल का विकास न्यूज)। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने परिवहन निगम की समस्याओं के स्थायी समाधान पर ध्यान देने को कहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रयासों से भविष्य में बेहतर परिणाम प्राप्त हो सकेंगे। मुख्यमंत्री ने निगम के कर्मचारियों को समय पर वेतन भुगतान के भी निर्देश दिये, इसके लिये उन्होंने आवश्यक धनराशि की व्यवस्था के निर्देश सचिव वित्त श्री अमित नेगी को दिये।
मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में परिवहन निगम की विभिन्न समस्याओं से सम्बन्धित बैठक में मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र ने यह भी निर्देश दिये कि परिवहन निगम के अधीन शारारिक रूप से अक्षम एवं स्वेच्छा से बीआरएस लेने वाले कार्मिकों के लिये शाफ्ट लोन की व्यवस्था की जाय। उन्होंने कहा कि परिवहन निगम में अनुबंधित बसों के लिए लिए 50 प्रतिशत सब्सिडी दी जायेगी। इससे बेरोजगार लोगों को रोजगार मिलेगा तथा सरकार पर व्ययभार कम पड़ेगा। उन्होंने कहा कि वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना के तहत क्रय की जाने वाली बसों को निगम अनुबंधित करने में प्राथमिकता दे, इससे स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा तथा अधिक से अधिक युवा स्वरोजगार की ओर प्रेरित होंगे। मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र ने दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के साथ ही दुर्घटना की स्थिति में त्वरित रिस्पांस पर भी ध्यान देने के निर्देश दिये।
सचिव परिवहन श्री शैलेश बगोली ने कहा कि परिवहन निगम की आर्थिक दशा में सुधार तथा संसाधनों के बेहतर उपयोग की दिशा में प्रभावी पहल की जा रही है। उन्होंने निगम की बसों के हिल लाॅस की देय अवशेष धनराशि की भरपाई का भी अनुरोध किया।
इस अवसर पर प्रबन्ध निदेशक श्री रणवीर सिंह, महाप्रबन्धक श्री दीपक जैन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।