पेयजल निगम के प्रबंध निदेशक पद की चयन प्रक्रिया पर आप ने उठाए सवाल

किसको लाभ पहुंचाने की कोशिश कर रही सरकार : रविंद्र सिंह आनन्द

देहरादून,( गढ़वाल का विकास न्यूज)। उत्तराखंड पेयजल निगम के प्रबंध निदेशक पद पर ताजपोशी की तैयारी कर रही सरकार व शासन की मंशा पर सवाल उठाने के साथ ही चयन प्रक्रिया में गड़बड़ी की आशंका जताई है। चयन प्रक्रिया और नियमावली पर सवाल उठाते हुए आप प्रदेश प्रवक्ता रवींद्र आनंद ने कहा कि नियमावली को संशोधित कर उसमें इस प्रकार नियम रखे गए हैं जिससे कि आसानी से किसी व्यक्ति विशेष को उत्तराखंड पेयजल निगम के प्रबंध निदेशक (एमडी) के पद पर लाया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश की त्रिवेंद्र सरकार, जोकि जीरो टोलरेंस की दुहाई देती है, उसी की नाक के नीचे यह सारा गड़बड़झाला किया गया है जबकि उत्तराखंड पेयजल निगम मुख्यमंत्री के विभाग के अंतर्गत आता है। ऐसे में सवाल उठना लाजमी हैं कि किसके इशारे पर यह सब खेल रचा गया है? उन्होंने कहा कि यह अत्यंत विचारणीय है वर्तमान में नियमावली के अनुसार केवल एक व्यक्ति विशेष ही प्रबंध निदेशक के पद हेतु पात्रता को पूर्ण करता है जबकि कार्मिक विभाग के द्वारा श्रेष्ठता संबंधित चयन के पदों पर यह स्पष्ट किया गया है कि एक पद हेतु न्यूनतम पांच व्यक्ति विचार हेतु उपलब्ध होने ही चाहिए वर्तमान में नियमावली के अनुसार केवल एक ही व्यक्ति पात्र हो रहा है इसका तात्पर्य स्पष्ट है कि एक व्यक्ति ही उपलब्ध कराया गया है और उसका चयन होना भी सुनिश्चित है। इससे यह साबित होता है कि उत्तराखंड पेयजल निगम के अधिकारी मंत्री आपस में मिले हुए हैं और जिसके चलते किसी व्यक्ति विशेष को इस पद पर लाने के लिए नियमों की अनदेखी कर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का गठन भ्रष्टाचार के निवारण के लिए ही किया गया है और आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार का समूल नाश करने के लिए संकल्पित है। उन्होंने प्रदेश सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि नियमों की अनदेखी कर इस महत्वपूर्ण पद पर नियुक्ति की गई तो आम आदमी पार्टी चुप बैठने वाली नहीं है वह इस पूरे खेल का पर्दाफाश कर देगी चाहे उसके लिए पार्टी को आंदोलन ही क्यों न करना पड़े।
इसके अलावा आप प्रवक्ता ने कहा कि जनता की गाढ़ी कमाई के पैसों को सरकार द्वारा पलीता लगाया जा रहा है जिसे आम आदमी पार्टी, किसी भी हालत में स्वीकार नहीं करेगी और ऐसे तमाम भ्रष्टाचार को जनता के बीच लाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *