पर्यटन सचिव की अध्यक्षता में मास्टर प्लान की समीक्षा बैठक में की गई इन परियोजनाओं की पहचान
देहरादून,(गढ़वाल का विकास न्यूज)। उत्तराखंड सरकार ने बद्रीनाथ मास्टर प्लान के तहत छह परियोजनाओं को चिन्हित किया है। पर्यटन सचिव दिलीप जावलकर की अध्यक्षता में मास्टर प्लान की समीक्षा बैठक में इन परियोजनाओं की पहचान की गई। बैठक में तय हुआ कि बिना सहमति किसी भी प्राइवेट भूमि का अधिग्रहण ना किया जाए।
समीक्षा बैठक में बद्रीनाथ मास्टर प्लान के तहत जिन परियोजनाओं के कार्यान्वयन के लिए चुना गया है उनमें बीआरओ व बद्रीनाथ टाउन की सड़कों का पृथक्कीकरण, अराइवल प्लाजा, लेक डेवलपमेंट, घाटों का निर्माण, रिवरफ्रंट डेवलपमेंट और मंदिर के सुंदरीकरण का कार्य शामिल है। पर्यटन सचिव ने खसरे मैप को पूरे 100 प्रतिशत करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि इस समय बद्रीनाथ में काफी बर्फबारी हो रही है जिस कारण बद्रीनाथ मास्टर प्लान निर्माण कार्यों में समस्या आ रही है। समीक्षा बैठक में पर्यटन विभाग के निदेशक प्रशांत कुमार आर्य, चमोली व बद्रीनाथ निर्माण कार्यों के कन्सल्टेन्ट ने प्रतिभाग किया।