भाजपा अध्यक्ष की टिप्पणी से कांग्रेस में उबाल

महानगर कांग्रेस और महिला कांग्रेस बुधवार को फूंकेगी बंशीधर भगत का पुतला
देहरादून, (गढ़वाल का विकास न्यूज)। भाजपा अध्यक्ष बंशीधर भगत द्वारा नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस की वरिष्ठ महिला नेत्री इंदिरा हृदयेश पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी से कांग्रेसियों में उबाल है। कांग्रेस ने इसे राजनीति की ओछी मानसिकता और बंशीधर भगत के मानसिक संतुलन खोने की संज्ञा देते हुए विरोध प्रदर्शन का निर्णय लिया है। इसके विरोध में आज बुधवार को महानगर कांग्रेस और महिला कांग्रेस समेत विभिन्न कांग्रेसीजन बंशीधर भगत का पुतला फूंकेंगे।

देहरादून महानगर कांग्रेस अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि जिस तरह से बंशीधर भगत ने सम्मानित नेता प्रतिपक्ष और बुजुर्ग महिला नेत्री पर अमर्यादित टिप्पणी की है उससे भाजपा और उसके नेताओं की महिला विरोधी मानसिकता का साफ पता लगता है। उन्होंने कहा कि यह तब और भी शर्मनाकपूर्ण हो जाता है, जबकि एक महिला नेत्री का एक राष्ट्रीय पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष खुले मंच से अपमान कर रहे हों और मंच और कार्यक्रम में मौजूद भाजपा की महिलाएं इस पर विरोध करने के बजाय ठहाके लगाती नजर आई। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता के नशे में चूर हो गई और उनके नेताओं को यह भी पता नहीं चल रहा कि उन्हें राजनीतिक मंच पर या अन्य कहीं भी किस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना चाहिए। कांग्रेस और जनता इसको किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी। महिलाओं के प्रति अपमान सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके विरोध में बुधवार को एश्लेहॉल चौक पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री बंशीधर भगत का पुतला फूंका जाएगा। अगर बंशीधर भगत ने अपने शब्दों के लिए सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी तो विरोध को और उग्र किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *