मसूरी में बर्फबारी, झूमे पर्यटक

देहरादून (गढ़वाल का विकास न्यूज)। पहाड़ों की रानी मसूरी साल 2020 की पहली बर्फबारी से शनिवार को सराबोर हो गई। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे पर्यटक बर्फबारी देख फूले नहीं समाए और नाच उठे।
शनिवार को पर्यटन स्थल मसूरी के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तेज बर्फबारी हुई। मसूरी के लाल टिब्बा में सुबह करीब साढ़े दस बजे से बर्फबारी शुरू हो गई। आज सुबह मसूरी और आसपास के क्षेत्रों में बारिश हुई। जिसके बाद मसूरी के कंपनी गार्डन, लाल टिब्बा और धनोल्टी क्षेत्र में तेज बर्फबारी शुरू हो गई।
इस दौरान पर्यटक खूब मजे करते दिखे। बर्फबारी देख वह फूले नहीं समाए और नाच उठे। वहीं बर्फबारी की खबर सुनते ही गाड़ियों का काफिला मसूरी की ओर चल पड़ा।
मसूरी में बर्फबारी से यातायात व्यवस्था चरमरा गई। कई वाहन मसूरी-धनोल्टी मार्ग पर फंस गए। ट्रैफिक व्यवस्था बनाने में प्रशासन और पुलिस पूरी तरीके से नाकाम साबित हुए।
देहरादून में बारिश, गिरा तापमान
शनिवार को एक ओर राजधानी देहरादून में धूप खिली रही तो उसी वक्त पर्यटन स्थल मसूरी के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तेज बर्फबारी शुरू हो गई। हालांकि दोपहर एक बजे बाद देहरादून में भी मौसम खराब हो गया। यहां काले बादल घिर आए और गरजने लगे। इसके बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई। जिससे राजधानी के तापमान में खासी गिरावट आ गई।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *