श्री महाराज जी ने राज्य व केन्द्र सरकार के कार्यों के लिए CM को दी बधाई, मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल को बताया मजबूत पाटर्नर
देहरादून (गढ़वाल का विकास न्यूज)। मुख्यमन्त्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने सोमवार को श्री दरबार साहिब में मत्था टेका। उन्होंने दरबार साहिब के श्री महंत देवेन्द्र दास जी महाराज से शिष्टाचार भेंट की व प्रदेश की विकास योजनाओं के बारे में बातचीत की। श्री महाराज जी ने केन्द्र सरकार व राज्य सरकार के कार्यकाल व विकास कार्यों पर मुख्यमन्त्री को बधाई दी।
सोमवार शाम करीब 4 बजे मुख्यमन्त्री का काफिला श्री दरबार साहिब पहुँचा। श्री दरबार साहिब की परंपरा के अनुसार मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने श्री दरबार साहिब में मत्था टेका और श्री महाराज जी से शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमन्त्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत व श्री महाराज जी के बीच उत्तराखण्ड के पहाड़ों से युवाओं के पलायन को रोके जाने, रिस्पना नदी के संरक्षण एवं संवर्धन, जैविक खेती को बढ़ाए जाने, पाॅलिथीन मुक्त प्रदेश सहित राज्य के विकास से जुड़े विभिन्न बिन्दुओं पर विचार विमर्श हुआ। श्री महाराज जी ने प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल की सराहना की व भविष्य के लिए शुभकामनांए दीं।
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने श्री गुरु राम राय एजुकेशन मिशन द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, पर्यावरण, जैविक खेती पर किए जा रहे कार्योें की भूरी भूरी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल राज्य सरकार के मजबूत पाटर्नर के रूप में कार्य कर रहा है, वहीं एसजीआरआर एजुकेशन मिशन दशकों से गुणवत्तापरक शिक्षा रियायती दरों पर प्रदान कर रहा है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी एसजीआरआर एजुकेशन मिशन इसी प्रकार जन हित से जुड़े उल्लेखनीय कार्य करता रहेगा।