मुख्य सचिव ने की ‘लक्ष्य-2020‘ की समीक्षा

देहरादून (गढ़वाल का विकास न्यूज)। मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने बुधवार को सचिवालय में ‘लक्ष्य-2020‘ की समीक्षा की। उन्होंने सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों को ‘लक्ष्य-2020‘ के अन्तर्गत निर्धारित किए गए लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
विभागों से लक्ष्य 2020 के अन्तर्गत योजनाओं की विस्तार से जानकारी प्राप्त करते हुए उन्होंने प्रत्येक परिवार को गैस एवं बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए। ताकि प्रदेश में कोई भी परिवार बिना गैस व बिजली कनेक्शन के न रहे। मुख्य सचिव ने राजस्व विभाग को भू-अभिलेख, नामांतरण एवं राजस्व न्यायालयों का पूर्ण डिजिटाइजेशन में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सचिव अरविन्द सिंह ह्यांकी ने बताया कि गंगा नदी में अनुपचारित अपशिष्ट गिरने से रोकने के लिए चिन्हित किए गए नालों के उपचार हेतु निर्धारित लक्ष्य निर्धारित समय में पूर्ण कर लिया जाएगा। इस अवसर पर सचिव श्रीमती भूपेन्द्र कौर औलख,  अमित नेगी एवं अरविन्द सिंह ह्यांकी सहित सम्बन्धित विभागों के उच्चाधिकारी उपस्थित थे।
बलिया नाला के उपचार हेतु शॉर्ट टर्म ट्रीटमेंट कार्य की धीमी गति पर CS नाराज
मुख्य सचिव श्री उत्पल कुमार सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नैनीताल के बलियानाला क्षेत्र में हो रहे भूस्खलन को रोकने के लिए किए जा रहे उपचार कार्यों की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने बलिया नाले में हो रहे भूस्खलन को रोकने के लिए किये जा रहे उपचार की प्रगति की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने बलिया नाला के उपचार हेतु शॉर्ट टर्म ट्रीटमेंट कार्य की धीमी गति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सुनियोजित तरीके से कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसकी रियल टाईम मॉनिटरिंग के साथ ही शॉर्ट टर्म और लॉन्ग टर्म उपचार कार्यों को आपसी सामंजस्य के साथ किया जाए। बलिया नाले के प्रभावितों के पुनर्वास कार्य एवं उनके लिए मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर सचिव श्रीमती भूपेन्द्र कौर औलख, श्री अमित नेगी एवं श्री अरविन्द सिंह ह्यांकी सहित सम्बन्धित विभागों के उच्चाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *