अजय गौतम मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट
देहरादून (गढ़वाल का विकास न्यूज)। अजय गौतम मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में यूपीसी पैंथर्स ने लैपर्ड को सात विकेट से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। दूसरे मैच में यूपीसी जगुआर ने राइनो को पांच विकेट से हराया। मुख्य अतिथि डीजी लॉ एंड ऑर्डर अशोक कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।
पुलिस लाइन स्टेडियम में चल रहे टूर्नामेंट में बुधवार को यूपीसी पैंथर्स व लैपर्ड के बीच पहला मैच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी यूपीसी लैपर्ड की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 122 रन बनाए। सोबन गुसाईं ने सर्वाधिक 36 व मनमोहन शर्मा ने 29 रन बनाए। यूपीसी पैंथर्स के लिए सुमन सेमवाल ने चार व नवीन कुमार ने दो विकेट चटकाए। जवाब में पैंथर्स ने 18.1 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। प्रवीन बहुगुणा ने 45, संजीव कंडवाल ने 22 व शैलेंद्र सेमवाल ने नाबाद 12 रन बनाए। प्रवीन बहुगुणा को मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस जीत के साथ ही यूपीसी पैंथर्स ने ग्रुप ए से सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। दूसरा मैच यूपीसी राइनो व जगुआर के बीच खेला गया। यूपीसी राइनो ने पहले खेलते हुए 17.5 ओवर में सभी विकेट खोकर 112 रन बनाए। अंबुज शर्मा ने 14, अंकित सिंह ने 13 व गौरव गुलेरी ने 18 रन बनाए। जगुआर के लिए संदीप बडोला ने चार व अभय कैंतुरा ने तीन विकेट झटके। जवाब में यूपीसी जगुआर ने 18.3 ओवर में पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। अभय कैंतुरा ने नाबाद 45, संदीप बडोला ने 16 व सुरेंद्र डसीला ने 16 रन बनाए। राइनो के लिए नागेंद्र नेगी ने दो विकेट हासिल किए।