देहरादून (गढ़वाल का विकास न्यूज)। 24 जून से शुरू हो रहे विधानसभा के दूसरे सत्र से संबंधित बैठकों का दिन बदल दिया गया है। विधानसभा सचिवालय ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि कार्यमंत्रणा समिति और विधानमंडल दल के नेताओं की बैठकें अब 23 जून को होंगी। सचिव विधानसभा जगदीश चंद्र ने कार्यमंत्रणा समिति के सभी सदस्यों को 21 जून के बजाय अब 23 जून को 11 बजे बैठक के लिए बुलाया है। बैठक में शहरी विकास एवं आवास मंत्री मदन कौशिक, नेता प्रतिपक्ष डा. इंदिरा हृदयेश, विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान के साथ सदस्य के रूप में प्रीतम सिंह, खजान दास व गोविंद सिंह कुंजवाल शामिल होंगे। इसी तरह विधानमंडल दल के नेताओं की बैठक भी 21 के बजाय 23 जून को होगी। इसमें मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, सत्र के दौरान संसदीय व विधायी कायरे के लिए प्राधिकृत मदन कौशिक व नेता प्रतिपक्ष डा. इंदिरा हृदयेश भाग लेंगे। दोनों बैठकें विधानसभा अध्यक्ष के सभा कक्ष में होंगी।