देहरादून। सिंचाई विभाग के वार्षिक तबादलों में धांधली की शिकायत मिलने के बाद शासन ने तबादला प्रक्रिया पर रोक लगा दी है।
विदित हो कि इस बार शासन ने निर्णय लिया है कि एक्ट के दायरे में आ रहे कुल कर्मचारियों में से 10 फीसद के ही तबादले होंगे। तबादलों की अंतिम तिथि 25 जून बढ़ा दी गयी है। इसी बीच कर्मचारी संगठनों ने शासन से शिकायत की कि सिंचाई विभाग के प्रमुख अभियंता एके दिनकर तबादलों में धांधली कर रहे हैं। अपने चहेतों को अच्छी पोस्टिंग देने के लिए वे अधीनस्थों पर अनावश्यक दबाव बना रहे हैं। ट्रांसफर में बड़ा लेन-देन भी हो रहा है। शिकायत में ये आरोप भी लगे हैं कि एके दिनकर विभागाध्यक्ष के रूप में 30 जून को सेवानिवृत्त हो रहे हैं और वे इससे पहले अपने चहेतों को मनचाही पोस्टिंग देना चाहते हैं। कर्मचारी संघों की नाराजगी को शासन ने गंभीरता से लिया। इन शिकायतों को देखते हुए सचिव सिंचाई डा. भूपिन्दर कौर औलख ने सिंचाई विभाग के वार्षिक तबादलों पर रोक लगा दी है।