सुमित्रा महाजन सहित सात विस अध्यक्ष दून में

देहरादून। उत्तराखंड सहित सात अन्य राज्यों की विधानसभाओं के अध्यक्ष व सचिव आज देहरादून में आयोजित बैठक में भाग लेंगे। इस बैठक की मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन होंगी। विधानसभा अध्यक्षों की यह पहली समिट कामनवेल्थ पार्लियामेंट्री एसोसियेशन इंडिया रीजन की जोन वन की है। विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चन्द अग्रवाल ने बताया है कि बैठक के लिए पूरी तैयारियां कर ली गयी हैं। बैठक का आयोजन आईएसबीटी स्थित एक होटल में किया गया है। कामनवेल्थ पार्लियामेन्ट्री एसोसिएशन (सीपीए) इण्डिया रीजन, की यह पहली बैठक है। बैठक में सात राज्यों बिहार, झारखण्ड, दिल्ली, उड़ीसा, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष व विधानसभा सचिव सम्मिलित होंगे। सीपीए इण्डिया रीजन की अध्यक्ष के रूप में लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन इस समिट की मुख्य अतिथि होंगी। इस बैठक के दौरान लोकहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर मंथन किया जाएगा। सभी विधानसभा अध्यक्ष अपने-अपने स्तर ऐसे विषयों का एजेंडा लाने वाले हैं। व्यापक राष्ट्रीय हित के लिए कोई बड़ा विषय भी इस बैठक में आ सकता है। अग्रवाल का कहना है कि उत्तराखंड की ओर से नदियों की स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, युवाओं की भूमिका, पर्यावरण की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों को लाया जा रहा है। गत 16 अप्रैल को लोकसभा (दिल्ली) में सुमित्रा महाजन की अध्यक्षता में आयोजित बैठक के दौरान अग्रवाल ने इस बैठक का प्रस्ताव दिया था। उन्होंने भरोसा जताया है कि जोन 1 की यह बैठक सीपीए इण्डिया रीजन के सभी जोन के लिए एक ठोस नींव रखने का प्रयास करेगी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *