देहरादून (गढ़वाल का विकास न्यूज)। नवनियुक्त सूचना महानिदेशक डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने अधिकारियों को कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों एवं योजनाओं का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिये है। उन्होंने यह भी कहा कि बदलते समय के साथ सूचना विभाग को अपने कार्यो में बदलाव लाने के प्रयास करने होंगे।
उन्होंने कहा कि मीडिया तक सूचनाएं त्वरित गति से प्रेषित की जाएं, ताकि समय पर सही सूचना मीडिया को मिल सके। रिंग रोड स्थित सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में डॉ. बिष्ट ने सोमवार को महानिदेशक का कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों के साथ महानिदेशक सूचना द्वारा समीक्षा बैठक की गई। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों को राज्य सरकार की योजनाओं व कार्यक्रमों का अधिकाधिक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश देते हुए कहा कि वर्तमान समय में आधुनिक संचार तकनीक का उपयोग कर सूचनाओं का आदान-प्रदान किया जा रहा है। सूचना विभाग को भी अपने कायरें में इसके अनुसार बदलाव लाने के प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि नई तकनीक विशेषकर सोशल मीडिया माध्यमों का अधिक से अधिक उपयोग किया जाए। बैठक में महानिदेशक ने कहा कि विभागीय स्तर पर लंबित प्रकरणों का शीघ्र समाधान किया जाए। मीडिया प्रतिनिधियों से संबंधित सभी प्रकरणों पर त्वरित कार्यवाही कर निस्तारित करने पर उन्होंने बल दिया। उन्होंने मीडिया से बेहतर समन्वय बनाने के भी निर्देश दिये। डॉ. बिष्ट ने विभागीय अधिकारियों से विभागीय क्रियाकलापों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। विभागीय कर्मचारियों से संबंधित किसी भी प्रकरण को लंबित न रखने के भी निर्देश उन्होंने दिये। इस अवसर पर अपर निदेशक डॉ. अनिल चंदोला, संयुक्त निदेशक राजेश कुमार, संयुक्त निदेशक आशीष कुमार त्रिपाठी, उप निदेशक केएस चौहान, फोटो अधिकारी केवल सिंह आदि उपस्थित थे।