आप जिला अध्यक्ष ने दिया इस्तीफा, मोहनिया पर लगाया टिकट बेचने का आरोप, ये भी लगाए आरोप

08 फरवरी, गढ़वाल का विकास डॉट कॉम, देहरादून/नैनीताल। उत्तराखंड सरकार बनाने का ख्वाब देख रही आम आदमी पार्टी को कार्यकर्ताओं के द्वारा छोड़े जाने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी कड़ी में नैनीताल के आप जिलाध्यक्ष संतोष कबड़वाल ने पद व पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। इस दौरान उन्होंने जहां प्रदेश में गिरोह के रुप में आप पार्टी के संचालित होने की बात कही, वहीं आप नेता मोहनिया पर टिकट बेचने का आरोप भी लगाया।
प्रदेश में सरकार बनाने का सपना संजो रही आप को छोड़ने का सिलसिला पार्टी कार्यकर्ताओं के द्वारा लगातार जारी है। खास बात यह है कि हर पदाधिकारी पार्टी छोड़ते समय आला नेताओं पर गंभीर आरोप तक लगा रहे हैं। मीडिया में चल रही खबरों के मुताबिक आप के नैनीताल के जिलाध्यक्ष संतोष कबड़वाल ने जहां पार्टी को अलविदा कह दिया है, वहीं पार्टी के आला नेताओं पर गंभीर आरोप लगाने के साथ ही गिरोह के रूप में आप का संचालन प्रदेश में करने की बात भी कहीं हैं।
उन्होंने कहा कि वह आम आदमी पार्टी को अन्य राजनीतिक दलों से बेहतर समझ कर दल का सदस्य व पदाधिकारी बने थे, लेकिन अब जो वास्तविकता सामने आ रही है उसके बाद उनका पद में बने रहना उनकी अंतरात्मा को स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि वह अपने पद एवं आम आदमी पार्टी के नाम से चल रहे इस गिरोह की सदस्यता से इस्तीफा दे रहा है।
उनका कहना था कि आप नेता दिनेश मोहनिया के नेतृत्व में दिल्ली, मेरठ, हरियाणा, बिहार आदि से उत्तराखंड आई टीम के इरादे हमारे आध्यात्मिक देवभूमि की संस्कृति से इत्तेफाक नहीं रखते हैं और यहां यह उत्तराखंड के भविष्य के लिए घातक और भयावह भी है। उनका कहना था कि इन लोगों की नजर उत्तराखंड के प्राकृतिक संसाधनों पर भी है प्रदेश के बाहरी इलाकों से इनके गिरोह के सदस्यों में से कोई प्रदेश में खनन के पट्टे कराना चाहता है तो कोई पहाड़ में जमीन खरीद कर कॉटेज बनाकर बाहरी लोगों को बेचने के सपने देख रहा है उन्होंने आप नेता दिनेश मोहनिया व उनकी टीम पर टिकट बेचने व धन वसूली के कार्य में लगे होने का आरोप भी लगाया।
उन्होंने आम जनमानस से आप के पक्ष में वोट नहीं करने की अपील की। उनका कहना था आप को दिया गया एक एक वोट प्रदेश की अस्मिता व स्वाभिमान के लिए बहुत बड़ा खतरा होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *