हर मोर्चे पर विफल त्रिवेंद्र रावत इस्तीफा दे : रविन्द्र सिंह
देहरादून, (गढ़वाल का विकास न्यूज)। प्रदेश की भाजपा सरकार को हर मोर्चे पर विफल करार देते हुए आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने शनिवार को शांति प्रदर्शन किया। इस मौके पर आप ने मुख्यमंत्री का इस्तीफा तक मांग डाला।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत आप से जुड़े कार्यकर्ता रविन्द्र सिंह आनंद के नेतृत्व में बल्लीवाला चैक पर एकत्र हुए जहां उन्होंने कोविड 19 के सभी नियमों का पालन करते हुए आस पास लोगों को परेशान किए बिना सरकार विरोधी नारों की तिख्तियां हाथ में लेकर शांति प्रदर्शन किया। इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता रविन्द्र सिंह आनंद ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार की गलत कार्यशैली के चलते अजीब सा अस्थिरता का महौल बना दिया है। बेरोजगार आत्महत्या कर रहे है, कोविड जब अपने चरम पर है डाक्टर आंदोलन करने को मजबूर है, जनता को सरकार से कोई राहत नहीं है और इन सब से बढ़ कर सरकार के विधायक अपने मुखिया के खिलाफ मुखर है और दिल्ली नेतृत्व परिवर्तन की गुहार लगा चुके है। ऐसे में साफ कहा जा सकता है कि यह एक नाकाम सरकार है और नाकाम नेतृत्व है।
श्री आनंद ने कहा कि सरकार के जीरो टॉलरेंस वाले दावे पर सवालिया निशान नहीं लगा रहे हैं बल्कि देवभूमि का हर नागरिक जिसे बीजेपी सरकार ने छला है, वो सवाल उठा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से ना तो अपने विभाग ही संभल रहे हैं और ना ही प्रदेश। उन्होंने मुख्यमंत्री से नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देने की मांग की। इस मौके पर कैंट विधानसभा के सह प्रभारी विपिन खन्ना, बूथ अध्यक्ष मुकेश सिंह, नवीन सिंह चौहान, राघव दुआ, सुरेश, विशाल, प्रमोद सैनी, सीमा कश्यप, इंदरप्रीत, सतिंदर सल, प्रवीण गुप्ता आदि मौजूद रहे ।