बढ़ती मंहगाई के विरोध में कांग्रेस का जिला एवं शहर मुख्यालयों में धरना-प्रदर्शन 20 को

देहरादून, (गढ़वाल का विकास न्यूज)। पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस के बढ़ते दामों तथा लगातार बढ़ती मंहगाई के विरोध में उत्तराखण्ड कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रदेश के सभी जिला, शहर, ब्लाक व नगर मुख्यालयों में विरोध प्रदर्शनों का आयोजन किया जायेगा।
उपरोक्त जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री संगठन विजय सारस्वत ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह के आह्रवान पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा बढती मंहगाई (पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों) के विरोध में 20 फरवरी, 2021 को प्रदेश के सभी जिला एवं शहर मुख्यालयों में धरना-प्रदर्शन एवं पद यात्राओं का आयोजन किया जायेगा तथा 22 फरवरी, 2021 को सभी ब्लाक एवं नगर मुख्यालयों में गैस सिलेण्डर के साथ जोरदार धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि विरोध-प्रदर्शन कार्यक्रम में सम्बन्धित क्षेत्र के विधायक, पूर्व विधायक, विधानसभा 2017 के प्रत्याशी, प्रदेध पदाधिकारी, जिला पंचायत अध्यक्ष, सदस्य, ब्लाक प्रमुख, क्षेत्र पंचायत सदस्य, पार्टी के सभी अनुषांगिक संगठन, विभाग, प्रकोष्ठों के पदाधिकारी भी प्रतिभाग करेंगे। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा लगातार बढ़ाये जा रहे पेट्रोलियम पदार्थों के दामों से जनता त्रस्त आ चुकी है तथा ऐसा प्रतीत होता है कि भाजपा सरकारों को आम जनता के दुःख-दर्द से कोई सरोकार नही है तथा भाजपा सरकारें गरीब जनता के प्रति संवेदनहीन बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की इस जन विरोधी नीति का कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतर कर विरोध प्रदर्शन करेगी तथा जनता आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को जवाब देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *