बेहद निराशाजनक रहा प्रधानमंत्री का दौरा : राजीव महर्षि

 

केवल पुरानी घोषणाओं की नई पैकेजिंग कर गए मोदी
गढ़वाल का विकास डॉट कॉम, देहरादून। उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हल्द्वानी दौरे को बेहद निराशाजनक बताते हुए इसे पुरानी घोषणाओं की नई पैकेजिंग करार दिया है। उनका कहना है कि श्री मोदी को केवल पैकेजिंग में ही महारत हासिल है, इससे अधिक उनसे उम्मीद भी नहीं की जानी चाहिए। महर्षि ने कहा कि आज नए सिरे से घोषित की गई 17500 करोड़ रुपए की घोषणाओं में नौ हजार करोड़ रुपए इन्फ्रास्ट्रक्चर के लिए बताए गए हैं, जबकि इनका ढोल इतनी बार पीटा जा चुका है कि अब ढोल की पोल खुलने लगी है।
कांग्रेस मीडिया प्रभारी ने कहा कि टनकपुर बागेश्वर रेल लाइन का प्रचार इतनी बार हो चुका है कि अब जनता का भरोसा भी उठने लगा है। यही बात लखवाड़ परियोजना की भी है।
श्री महर्षि ने कहा कि प्रधानमंत्री को अपने भानुमति के कुनबे को बचाये रखने के लिए यह कहना पड रहा है कि जो लोग कांग्रेस में जा रहे हैं, उनका भविष्य सुरक्षित नहीं है, प्रधानमंत्री का यह कथन न सिर्फ उनके आंतरिक लोकतंत्र की बखिया उधेडने वाला है बल्कि एक तरह से उन्हें धमकाने की कोशिश भी है। उन्होंने कहा कि इससे जाहिर हो रहा है कि प्रधानमंत्री खुद इस कदर डरे हुए हैं कि उन्हें मंच से इस तरह की धमकी देनी पड़ रही है।
महर्षि ने कहा कि उत्तराखण्ड और खासकर कुमाऊं के लोगों को उम्मीद थी कि प्रधानमंत्री मोदी आम लोगों को वन्य-जीवों आतंक से निजात दिलाने, सेना, रेलवे, बैंक और अन्य क्षेत्रों में प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के दरवाजे खोलेंगे लेकिन इन तमाम मामलों में युवाओं को निराश ही किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *