चमोली आपदा: पूर्व CM हरीश रावत व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा

देहरादून, (गढ़वाल का विकास न्यूज)। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व मंत्री राजेन्द्र सिंह भंडारी, पूर्व विधायक गणेश गोदियाल, विधायक मनोज रावत, पृथ्वीपाल चौहान, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट, मनीष खंडूड़ी एवं अन्य स्थानीय कांग्रेसजनों के साथ चमोली जिले के आपदाग्रस्त क्षेत्र रैणी व तपोवन का दौरा किया। आपदा प्रभावित क्षेत्र का दौरा करते हुए हरीश रावत एवं प्रीतम सिंह ने आपदा पीड़ितों से बातचीत कर उनका हालचाल जानने के साथ आपदा राहत कार्य में लगे सेना, ITBP, SDRF, NDRF, ज़िला एवं पुलिस प्रशासन से बातचीत कर राहत कार्यों की जानकारी ली।
विगत दो दिन से सुरंग जिसमे लगभग 40 लोगों के फसे होने की जानकारी है का मलबा निकालने का काम केवल एक लोडर से कराया जा रहा है, जिसकी हालात बहुत अच्छी नहीं है।
आपदा प्रभावित गांव जो स्व0 गौरा देवी की कर्मभूमि रही ग्राम रैणी में जाकर मृतकों के घर पर जाकर सांत्वना दी। आपदा प्रभवितों से बातचीत में मिली जानकारी के रैणी गाँव अभी भी खतरे की जद में है, रैणी के निवासियों ने एक वीडियो में दिखाया कि रैणी से ऋषिगंगा प्रोजेक्ट की पीछे दो गाड के संगम पर झील बन जाने की खबर मिली है। इस झील के टूटने के संभावित खतरे को देखते हुए नदी के बहाव की दिशा में बसे रैणी व अन्य गांव के लोग डर के मारे रात को सो नहीं पा रहे हैं।
जो लोग आपदा से काल के गाल में समा गए हैं या लापता है या अभी तक टनल में फंस कर जीवन का संघर्ष कर रहे हैं, बाहरी इलाकों से आनेवाले उनके परिजनों के लिए घटना स्थल पर भोजन और रहने की व्यवस्था नहीं है। आपदा प्रभावित परिवारों के लिए राशन और राहत शिविर की उचित व्यवस्था नहीं है।
हरीश रावत जी ने मुख्य सचिव को फोन पर सुझाव दिया कि टनल से मलवा निकालने के लिए जल्दी से जल्दी आधुनिक तकनीक की मशीन भेजी जाय, ताकि अंदर फंसे लोगों की जान बचाई जा सके। सड़क संपर्क खत्म होने से कटऑफ एरिया के सभी गांव के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने की व्यवस्था करवाई जाए। रैणी गांव के ऊपर की झील को दिखवाया जाय और उसके बनने से संभावित खतरे से बचाव के उपाय किये जायें। खतरे की जद वाले गांव के लोगों को जोशीमठ या किसी अन्य सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाय। पीड़ित परिवार के लोगों को समुचित सुविधा उपलब्ध कराने के साथ बाहर से आनेवाले लोगों के रहने खाने की व्यवस्था की जाय।

श्री हरीश रावत ने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि अपनी मद से मृतकों के आश्रितों को राहत राशि 2 लाख से अधिक बढ़ाया जाए। शीतकाल में ग्लेशियर टूटने की घटना अचंभित करने वाली है, उत्तराखंड में मौसम के चक्र में बदलाव के भयावहता को देखते हुए उन्होंने ने यह भी आग्रह किया कि मौसम के चक्र के बदलाव को देखते हुए केंद्र सरकार द्वारा हिमालयी क्षेत्र में तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सरकार के द्वारा एक मिशन लांच किया था, जिसको सभी हिमालयी राज्यों में शीघ्र लागू किया जाना चाहिए ताकि ऐसी घटना घटित होने से पहले राहत व बचाव की तैयारियों को करके नुकसान को कमतर किया जा सके।
हरीश रावत ने स्थानीय लोगों को ढाढस बंधाते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी का हर साथी पूरी क्षमता से आपके साथ है, तथा हम प्रयास कर रहे हैं कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी का एक शिष्टमंडल मा0 मुख्यमंत्री जी से मुलाकात कर आपदा राहत में अपने अनुभव व सुझावों को उनतक पहुंचाया जाय।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *