काँग्रेस 13 को ED कार्यालय के सम्मुख करेगी धरना प्रदर्शन

मोदी सरकार केन्द्रीय ऐजेंसियों के माध्यम से कर रही विपक्षी दल के नेताओं का उत्पीडन : करन महारा देहरादून, गढ़वाल का विकास डॉट कॉम। कांग्रेस अध्यक्ष करन महारा ने केन्द्र की मोदी सरकार पर केन्द्रीय ऐजेंसियों के माध्यम से विपक्षी दल के नेताओं का उत्पीडन करने का आरोप लगाते हुए मोदी सरकार की आलोचना की है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन महारा ने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए विपक्षी दल के नेताओं के खिलाफ राजनैति षडयंत्र के तहत फर्जी मुकदमें दर्ज कर केन्द्र सरकार के अधीनस्थ ऐजेंसियों के माध्यम से लगातार उनका उत्पीड़न कर रही है जिसका कांग्रेस पार्टी पुरजोर विरोध करती है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेता एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ केन्द्र की मोदी सरकार द्वारा ईडी के माध्यम से की जा रही उत्पीडनात्मक कार्रवाई के विरोध में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने दिनांक 13 जून, 2022 को पूरे देश में ईडी कार्यालयों के सम्मुख धरना-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकारें हर मोर्चे पर विफल साबित हुई हैं। चाहे रोजगार का मुद्दा हो, चाहे मंहगाई का, किसानों का हो या मजदूरों का हर वर्ग भाजपा शासन से पीडित है। भाजपा ने सत्ता में आने के लिए मंहगाई कम करने का वादा किया था परन्तु सत्ता में आने के उपरान्त मंहगाई में दिन-दूनी रात चैगुनी वृद्धि हो रही है। देश का नौजवान और किसान अपने अधिकारों के लिए सड़कों पर है। देश की गरीब जनता भाजपा शासन में सबसे अधिक मायूस है। संसद में इन्हीं पीडित वर्गों की आवाज कांग्रेस नेता राहुल गांधी जी उठाते आये हैं परन्तु मोदी सरकार को यह मंजूर नहीं है इसी के चलते अब उनका केन्द्रीय ऐजेंसियों के माध्यम से उत्पीडन किया जा रहा है।

प्रदेश कांग्रेस मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि ने उपरोक्त जानकारी देते हुए बताया कि केन्द्र सरकार की इसी उत्पीडनात्मक कार्रवाई के विरोध में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रदेश अध्यक्ष श्री करन माहरा के नेतृत्व में दिनांक 13 जून, 2022 को प्रातः 11ः00 बजे से देहरादून में क्रास रोड़ स्थित ईडी कार्यालय के सम्मुख विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया है। कार्यक्रम में पार्टी के विधायक, पूर्व विधायक, विधानसभा प्रत्याशी, प्रदेश पदाधिकारी, अनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारी तथा बडी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता प्रतिभाग करेंगे।

**************************
समाचारों के लिए इस वेबसाइट से भी जुड़े :
👉      www.newsuklive.in

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *