कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग ने किया ‘पेपर चोर-गद्दी छोड़’ गीत लॉन्च

– दोषियों को बचाने में लगी है प्रदेश सरकार: नेगी

देहरादून, गढ़वाल का विकास डॉट कॉम। उत्तराखंड कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग ने युवाओं की आवाज को बुलंद करने और प्रदेश में लगातार हो रहे पेपर लीक घोटालों के खिलाफ संघर्ष को और मजबूत बनाने के लिए एक नया गीत “पेपर चोर, गद्दी छोड़” लॉन्च किया।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष, उत्तराखंड कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग विकास नेगी ने कहा कि भाजपा सरकार की नाकामी और मिलीभगत के कारण उत्तराखंड में एक के बाद एक भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक हुए, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो गया। सरकार युवाओं के साथ हुए इस अन्याय की जिम्मेदारी लेने के बजाय दोषियों को बचाने में लगी है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड कांग्रेस पूरे प्रदेश के सभी जिलों में लगातार सड़कों पर भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही है और युवाओं की न्याय की लड़ाई लड़ रही है। कांग्रेस युवाओं और बेरोजगारों के साथ मजबूती से खड़ी है और जब तक न्याय नहीं मिलता, तब तक यह संघर्ष सड़क से लेकर सदन तक और मुख्यमंत्री आवास तक जारी रहेगा।

कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग का मानना है कि यह गीत युवाओं के बीच जोश और एकजुटता का संचार करेगा और भाजपा सरकार की असलियत को जनता के सामने उजागर करेगा।

अंत में, श्री विकास नेगी ने कहा कि – “भाजपा सरकार युवाओं के सपनों की सबसे बड़ी गुनहगार है। कांग्रेस न्याय की पुकार के साथ युवाओं के हर संघर्ष में कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *