देहरादून, (गढ़वाल का विकास न्यूज)। कांग्रेसी नेता राजपाल खरोला ने कहा कि लच्छीवाला की तर्ज पर ही छिददरवाला में भी हाइवे पर टोल प्लाजा बनने जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे सबसे अधिक नुकसान ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के लोगों को होगा। उन्होंने टोल प्लाजा समाप्त न करने पर आंदोलन करने की बात कही।
टोल प्लाजा के रूप में केंद्र सरकार के ऋषिकेश विस की जनता को एक और तोहफा देने की बात कहते हुए प्रदेश कांग्रेस महासचिव राजपाल खरोला ने कहा कि सरकार को ऋषिकेश को ऐसे तोहफे देना अब बंद कर देना चाहिए। उनका कहना था कि सरकार लच्छीवाला की तर्ज पर छिददरवाला में भी टोल प्लाजा बनाने जा रही है, जिसका सबसे अधिक नुकसान ऋषिकेश की जनता को ही होगा।
इस बाबत मंगलवार को कांग्रेस महासचिव खरोला के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर संबंधित अधिकारियों से बात की। अधिकारियों का कहना है कि यह केंद्र सरकार के नियमों के तहत कार्य किया जा रहा है। खरोला, ने कहा जहां एक तरफ ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के लोग लच्छीवाला में बने टोल प्लाजा से परेशान हैं।
अब छिददरवाला में भी टोल प्लाजा थोपा जा रहा है। कहा कि इससे क्षेत्र के लोग परेशान है। लच्छीवाला टोल प्लाजा बनने के बाद श्यामपुर, रायवाला, छिद्रवाल, हरिपुर मे रहने वाले तमाम लोगों को रोजमर्रा के काम से जाने पर भी टोल प्लाजा में पैसे देने पड़ेंगे। खरोला ने कहा यह अत्यधिक दुर्भाग्यपूर्ण है, एक तरफ कोरोना की महामारी से लोगों की कमर टूटी हुई है, दूसरी तरफ इस तरह के जजिया कर लगाना शायद इस सरकार की आदत बन गई है।
उन्होंने छिददरवाला टोल प्लाजा को समाप्त करने की मांग की है। यदि ऐसा नहीं किया जाता तो कांग्रेस पार्टी इसके लिए आंदोलन करने पर बाध्य होगी। इस मौके पर साहब नगर प्रधान ध्यान सिंह असवाल आदि मौजूद थे।