कांग्रेस: प्रियंका गांधी ने जारी किया घोषणा पत्र

02 फरवरी, गढ़वाल का विकास डॉट कॉम, देहरादून। उत्तराखंड के विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाने देहरादून पहुंची कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने न केवल कांग्रेस का चुनावी घोषणा पत्र ‘उत्तराखंडी स्वाभिमान प्रतिज्ञा पत्र’ जारी किया अपितु उन्होंने प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिए वर्चुअल रैली को भी संबोधित किया। उन्होंने चारधाम को नमन करते हुए जहां उत्तराखंड से अपना जुड़ाव होने की बात कहीं, वहीं केंद्र व प्रदेश की इंजन सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार की गलत नीतियों का खामियाजा आज देश व प्रदेश की जनता को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जिन बातों को लेकर भाजपा सत्ता में आई थी उसको पूरा करने में वह पूरी तरह से विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि जनता ने अब सत्ता परिवर्तन का मन बना लिया है।

इस मौके पर उन्होंने पार्टी का घोषणा पत्र ‘उत्तराखंडी स्वाभिमान प्रतिज्ञा पत्र’ को जारी करते हुए इसमें शामिल मुख्य बातें बताई। पार्टी के घोषणा पत्र में रोजगार से लेकर महिलाओं तक को फोकस में रखा गया है। जानिए कांग्रेस के घोषणा पत्र में क्या कुछ है खास…

– कोरोना की वजह से जो परिवार कमजोर हो गए , उन कमजोर परिवारों के लिए 40,000 की मदद सालाना दी जाएगी।

– चार लाख लोगों को देंगे रोजगार

-सरकारी बसों में महिलाओं को मुफ्त यात्रा मिलेगी।

-उत्तराखंड में कड़ा भू कानून बनाने का वादा।

– पहले साल 100 यूनिट बिजली फ्री और अगले साल 200 यूनिट बिजली का वादा।

– 21 तरह की पेंशन लागू करना।

– पर्यटन को दिया जाएगा बढ़ावा। बनाया जाएगा खास पैकेज, बढ़ाया जाएगा रोजगार।

– पर्यटन पुलिस पोस्ट बना बढ़ाए जाएंगे रोजगार के अवसर।

– 40 प्रतिशत सरकारी रोजगार में महिलाओं को दी जाएगी प्राथमिकता

– पुलिस विभाग में 40 प्रतिशत पद महिलाओं के लिए होंगे आरक्षित।

– आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्त्ताओं का मानदेय बढ़या जाएगा डेढ़ गुना।

-गांव-गांव तक पहुंचाई जाएंगी स्वास्थ्य सेवाएं।

इस अवसर पर उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री श्री हरीश रावत, घोषणा पत्र कमेटी अध्यक्ष श्री नवप्रभात, सहप्रभारी श्रीमती दीपिका पांडे सिंह, श्री राजेश धर्मानी, राष्ट्रीय प्रवक्ता श्री प्रो. गौरव वल्लभ, उत्तराखंड चुनाव पर्यवेक्षक श्री मोहन प्रकाश, राष्ट्रीय सोशल मीडिया प्रभारी श्री रोहन गुप्ता, पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत, प्रदेश मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *