देहरादून, (गढ़वाल का विकास न्यूज)। राज्य में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद ने एक्सट्रम स्पोर्ट्स आॅर्गनाइजेशन (एक्सएसओ) के सहयोग से ‘‘ड्राइव 2.0 सबज़ीरो उत्तराखण्ड’’ विषय पर आधारित कार रैली का आयोजन किया गया, जिसका समापन बुधवार को हो गया है। इस अभियान की शुरूआत दिल्ली से 14 फरवरी को फ्लैग आॅफ से हुई थी, जो 15 फरवरी को ऋषिकेश पहुंची। दस दिवसीय अभियान के दौरान इस कार रैली ने ऋषिकेश, गुप्तकाशी, कौसानी, मुनस्यारी, बिनसर और कॉर्बेट नेशनल रिजर्व का दौरा किया।
इस अभियान के बारे में पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा, “उत्तराखंड राज्य साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए गति प्राप्त कर रहा है। रोमांच से भरे साहसिक गतिविधियों से उत्साही लोगों के लिए उत्तराखंड आदर्श स्थलों में से एक है। कार रैली को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए मैं कार रैली के 15 सदस्यीय टीम को बधाई देता हूं।
पर्यटन सचिव दिलीप जावलकर ने कहा कि हम राज्य में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं। भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन किए जाऐंगे। जिससे प्रदेश में रोजगार के अवसर पैदा होने के साथ राज्य के पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।