Garhwalkavikas.com, देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कमेटी द्वारा आयोजित गांव गांव कांग्रेस अभियान के द्वितीय दिन पार्टी के समस्त वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने पुनः रात्रि प्रवास किया और अनेकों कार्यक्रमों में भाग लिया।
प्रदेश मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि ने बताया कि कांग्रेस पार्टी द्वारा राज्य में न्याय पंचायतों में दो रात्रि प्रवास का जो कार्यक्रम चल रहा है उसमें प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने दिनांक 2 अक्टूबर की रात्रि को जनपद पौडी के कठुली ग्राम में प्रवास किया। उससे पहले प्रदेश अध्यक्ष श्री गोदियाल ने ग्राम वासियों के साथ चौपाल की और उनको उनकी समस्याओं का निराकरण का आश्वासन दिया। श्री गणेश गोदियाल ने कहा कि राज्य में भाजपा सरकार द्वारा भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और पलायन को बढावा दिया जा रहा है। श्री गोदियाल ने कहा कि इन सभी समस्याओं का निराकरण कांग्रेस की सरकार स्थापित होने के बाद किया जाएगा। उन्होंने महिला मण्डली द्वारा आयोजित भजन कीर्तन संध्या में भी प्रतिभाग किया। आज पुनः दिन की शुरुआत गांव कठूली के समस्त ग्रामीणों से सम्पर्क करके हुयी और विचार गोष्ठी की गयी।
राजीव महर्षि ने बताया कि गांव गांव कांग्रेस कार्यक्रम के तहत नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने न्याय पंचायत थानों के ग्राम धारकोट में रात्रि प्रवास किया बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया, धारकोट इंटर कॉलेज प्रांगण में ग्रामवासी एकत्रित हुए और नेता प्रतिपक्ष के समक्ष अपनी समस्याओं को साझा किया। श्री प्रीतम सिंह ने जनता को आश्वासन दिया की कांग्रेस की सरकार आने पर इन सभी समस्याओं का निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों के साथ चौपाल का आयोजन किया और विचार विमर्श किया।
इसी कडी में पूर्व मुख्यमंत्री श्री हरीश रावत ने गांव गांव कांग्रेस अभियान के तहत जनपद कोटद्वार में ग्राम लोकमणीपुर सिगडडी में रात्रि प्रवास किया और उसके उपरान्त आज प्रातः उन्होनें महिला चौपाल का आयोजन किया एवं उसके माध्यम से उनकी समस्याओं को सुना और निराकरण का आश्वासन दिया। श्री हरीष रावत ने झण्डी चौड उत्तरी, शीतलपुर पटटी एवं नन्दपुर आदि कोटद्वार के ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर स्वंतत्रता सेनानियों, राज्य आन्दोलनकारियों एवं छात्र छात्राओं को भी सम्मानित किया। इसके उपरान्त कोटद्वार में एक प्रेसवार्ता में कहा कि राज्य में कांग्रेस पार्टी की सरकार स्थापित होने के बाद स्वरोजगार की योजना बनायी जाएगी, रिक्त पदों को भरकर बेरोजगार युवाओं को मौका दिया जाएगा और भाजपा के कुशासन में अवरूद्ध किये गये विकास को पुनः गति दी जाएगी।
राजीव महर्षि ने बताया कि इस अभियान के दूसरे दिन प्रदेश प्रभारी श्री देवेन्द्र यादव का रात्रि पड़ाव ताडीखेत न्याय पंचायत के कपीना गांव में रात्रि प्रवास किया। उससे पहले इस अभियान के तहत देर रात्रि इस गांव में महिला चौपाल के माध्यम से महिलाओं की समस्याओं की जानकारी ली और गांव की प्रतिभाशाली युवतियों को सम्मानित किया। उन्होंने गांव कपीना में जिला, क्षेत्र एवं नगर पंचायत के सभी सदस्यों के सुझावों और समस्याओं को सुना। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी श्री आनन्द सिंह बिष्ट जी एंव अनेकों कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया।प्रभारी श्री देवेन्द्र यादव के साथ उप नेता प्रतिपक्ष करन माहरा भी उपस्थित रहे।
इसी क्र्रम में सह प्रभारी राजेश धर्माणी उत्तरकाशी जनपद के मातली गांव में प्रवास किया और जनसम्पर्क किया। सह प्रभारी दीपिका पांडेय सिंह ने जनपद हरिद्वार के लालढांग में प्रवास किया और ग्रामीणों से सम्पर्क स्थापित कर उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। श्री राजीव महर्षि ने बताया कि कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम बहुत सफल रहा है और जो पार्टी का उद्देश्य था उसको हमने ग्रामीण जनता के सहयोग से प्राप्त कर लिया है।