IMA पासिंग आउट परेड: अंतिम पग पार कर 319 जाबांज बने भारतीय सेना का हिस्सा, राष्ट्रपति ने ली परेड की सलामी

68 विदेशी कैडेट भी हुए पास आउट Garhwalkavikas.com, देहरादून। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शनिवार को भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) में अंतिम पग भरते ही 319 नौजवान भारतीय सेना का हिस्सा बन गए। साथ ही 68 विदेशी कैडेट भी पास आउट हुए। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने परेड की सलामी ली।

भारत माता तेरी कसम, तेरे रक्षक बनेंगे हम… आईएमए गीत पर कदमताल करते जेंटलमैन कैडेट शनिवार को ड्रिल स्क्वायर पर पहुंचे तो लगा कि वीरता और शौर्य का विशाल सागर उमड़ आया हो। एक साथ उठते कदम और गर्व से तने सीने दर्शक दीर्घा में बैठे अतिथियों के भीतर ऊर्जा का संचार कर रहे थे। सुबह आठ बजकर 50 मिनट पर मार्कर्स कॉल के साथ परेड का आगाज हुआ। कंपनी सार्जेट मेजर प्रफुल्ल शर्मा, धनंजय शर्मा, अमित यादव, जय मेरवाड, आश्य ठाकुर, प्रद्युमन शर्मा, आदित्य जानेकर व कर्मवीर सिंह ने ड्रिल स्क्वायर पर अपनी-अपनी जगह ली।

आठ बजकर 55 मिनट पर एडवांस कॉल के साथ ही सीना ताने देश के भावी कर्णधार असीम हिम्मत और हौसले के साथ कदम बढ़ाते हुए परेड के लिए पहुंचे। इसके बाद परेड कमांडर अनमोल गुरुंग ने ड्रिल स्क्वायर पर जगह ली। कैडेट्स की शानदार मार्चपास्ट से दर्शक दीर्घा में बैठा हर एक शख्स मंत्रमुग्ध हो गया।

राष्ट्रपति ने कैडेटों को ओवरऑल बेस्ट परफार्मेंस व अन्य उत्कृष्ट सम्मान से नवाजा। अनमोल गुरुंग को स्वाॅर्ड ऑफ ऑनर व स्वर्ण पदक प्रदान किया गया। तुषार सपरा को रजत व आयुष रंजन को कांस्य पदक मिला। कुणाल चौबीसा ने सिल्वर मेडल (टीजी) हासिल किया। सर्वश्रेष्ठ विदेशी कैडेट भूटान के सांगे फेनदेन दोरजी चुने गए।

चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ बैनर केरेन कंपनी को मिला। इस मौके पर भारतीय सेनाओं के सर्वोच्च कमांडर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि देश के आधुनिक समय के खतरों से निपटने के लिए केवल शारीरिक और मानसिक दृढ़ता ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि सैन्य अधिकारी के रूप में अधिकारियों को एक रणनीतिक मानसिकता विकसित करनी होगी। उन्होंने कहा कि सैन्य कौशल को सुधारने के लिए मानसिक तौर पर मजबूत होना होगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में युद्ध की तकनीक बदल गई है। इसलिए सैन्य अधिकारियों को इन तकनिकों को अपनाना होगा। उन्होंने जेंटलमैन कैडेट को उन चुनौतियों के बारे में बताया, जिनका आज हमारा राष्ट्र, क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर सामना कर रहा है।

राष्ट्रपति ने कहा कि हमारा झंडा दिवंगत CDS जनरल बिपिन रावत जैसे बहादुर पुरुषों के कारण हमेशा ऊंचा रहेगा। उन्होंने यहां आईएमए में प्रशिक्षित प्राप्त किया था। आईएमए से पास आउट होने वाले कैडेट ऐसे ही हमेशा भारत के सम्मान की रक्षा करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी,आरट्रैक कमांडर ले जनरल राज शुक्ला, आईएमए कमांडेंट ले. जनरल हरिंदर सिंह, डिप्टी कमांडेंट मेजर जनरल आलोक जोशी समेत कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *