सितारगंज के गोठा गांव में स्थानीय विधायक व पुलिस आतंक की घटना भाजपा की तानाशाही का प्रत्यक्ष प्रमाण, मामले की जांच के लिए कांग्रेस ने बनाई कमेटी
Garhwalkavikas.com, देहरादून। उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने जनपद उधमसिंहनगर के सितारगंज विधानसभा क्षेत्र के गोठा गांव की घटना को भाजपा के जनप्रतिनिधियों की तानाशाही तथा सत्ता के बल पर खुली गुण्डागर्दी बताते हुए मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया है।
उपरोक्त जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश मीडिया सलाहकार सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सितारगंज विधानसभा क्षेत्र के भेंटा गांव में टूटी हुई सडक के निर्माण की मांग को लेकर स्थानीय ग्रामीणों द्वारा चलाये जा रहे आन्दोलन में स्थानीय ग्रामीणों पर झूठे मुकदमे दर्ज कर प्रताडित करने की घटना को भाजपा विधायक की सत्ता के बल पर की जा रही ताना शाही व गुण्डागर्दी करार दिया है। उन्होंने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधि के रूप में भाजपा विधायक द्वारा जिस प्रकार सत्ता के मद मे चूर होकर जनता को आतंकित किया जा रहा है उसे कांग्रेस पार्टी कतई बर्दास्त नहीं करेगी तथा आम जनता के साथ खडी रहेगी। उन्होंने पुलिस द्वारा सत्ता के दबाव में की जा रही कार्रवाई पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि स्थानीय प्रशासन पूरी तरह सत्ता के दबाव में काम कर रहा है। इस प्रकरण में अध्यापक सहित पांच लोगों के के खिलाफ झूठा मामला दर्ज किया गया है तथा अन्य ग्रामीणों को स्थानीय भाजपा विधायक द्वारा धमकाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनहित की मांग को लेकर जनता द्वारा जनप्रतिनिधि के खिलाफ आवाज उठाई तब विधायक ने सत्ता व प्रशासन का सहारा लेकर ग्रामीणों को धमकाने का काम किया तथा लोगों को झूठे मुकदमें में जेल भेजा गया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने गोठा गांव की घटना की जांच के लिए पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष श्री तिलकराज बेहड के नेतृत्व में तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है जिसमें वरिष्ठ नेता श्री प्रकाश तिवारी एवं श्री नारायण सिह बिष्ट शामिल हैं। कमेटी से पूरे प्रकरण की जांच करते हुए आख्या प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपने का आग्रह किया गया है ताकि पार्टी स्तर पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।