12 फरवरी, गढ़वाल का विकास डॉट कॉम, देहरादून।विधानसभा चुनाव प्रचार के आखिरी दिन देवभूमि उत्तराखंड पहुंची कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पूरे देश की नीतियां सिर्फ दो उद्योगपतियों को ध्यान में रखकर बनाती है, उनको गरीबों के हितों से कुछ लेना देना नहीं है। उन्होंने साफ कहा कि मोदी सरकार जनता की नहीं, केवल दो उद्योगपतियों की सरकार बनकर रह गई है।
उत्तराखंड में पार्टी प्रत्याशियों के प्रचार करने पहुंची प्रियंका गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इस सरकार को आम आदमी के हितों से कुछ लेना देना नहीं है , उनको केवल सिर्फ दो उद्योगपति ही नजर आते हैं इसीलिए पूरे देश की नीतियां इन दो उद्योगपतियों के हितों को लेकर बन रही है। खटीमा में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि जब बजट आता है तो गरीबों, किसानों, मध्यम वर्गीय, छोटे व मध्यम व्यापारियों के लिए कुछ भी नहीं दिया जाता है, सिर्फ पीएम के दो दोस्तों पर बजट केंद्रित होता है। महंगाई व बेरोजगारी को लेकर भी उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक राजनीतिक नेता का सबसे बड़ा कर्तव्य क्या है? जनता की सेवा, उनका विकास। इसके विपरीत आज सभी भाजपा नेता, आपके सीएम से लेकर देश के पीएम तक केवल अपने विकास के बारे में सोच रहे हैं। कोई आपके बारे में नहीं सोच रहा है।प्रियंका गांधी ने कहा कि यहां पलायन ज्यादा है। यह तब होता है जब राज्य में नौकरियां पैदा नहीं हो रही हैं। आपके राज्य में सब कुछ है। हिमालय, प्रकृति, पर्यटन के अवसर है, लेकिन रोजगार नहीं। लोग नौकरी के लिए यहां से पलायन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में कांग्रेस जरूर सत्ता में आएगी, क्योंकि जनता भाजपा सरकार से थक चुकी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को लोगों को बताना चाहिए कि वह महंगाई पर लगाम लगाने और रोजगार बढ़ाने के लिए क्या करने जा रहे हैं। वह महिलाओं के लिए क्या करने जा रहे हैं।