गढ़वाल का विकास न्यूज, देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के उत्तराखंड दौरे को सिर्फ चुनावी आधार बनाने के प्रयोग के तौर पर माना है।
अरविंद केजरीवाल के उत्तराखंड दौरे पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि ने कहा कि केजरीवाल का आज उत्तराखंड आगमन सिर्फ चुनावी आधार बनाने के प्रयोग के तौर पर था। उन्होंने कहा कि केजरीवाल कोई नयी बात नहीं कर रहे है और जैसा कि उन्होंने कहा कि वह उत्तराखंड को दुनिया की आध्यात्मिक राजधानी बनाएंगे, वह मात्र राजनीतिक बयान के अलावा और कुछ नहीं है।

श्री महर्षि ने अरविंद केजरीवाल के उस बयान, जिसमें उन्होंने कर्नल कोठियाल के नेतृत्व में युवाओं के विकास की और अग्रसर होने की बात कहीं है, पर सवाल किया कि कर्नल कोठियाल के पास वर्तमान में ऐसी कौन सी शक्ति है, जिससे वह युवाओं को आगे ले जाने में समर्थ होंगे। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अरविंद केजरीवाल ने मुफ्त बिजली देने के झूठे वादे के अलावा किसी भी मुद्दे पर अभी तक कोई ठोस बात नहीं की है।