देहरादून 25 जनवरी, गढ़वाल का विकास डॉट कॉम। केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा 26 जनवरी से रेंजर्स ग्राउंड में चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है, जो 31 जनवरी तक चलेगी। चित्र प्रदर्शनी में आजादी का अमृत महोत्सव के तहत देश की आजादी के लिए शुरू होने वाली लड़ाई से लेकर देश के आजाद होने तक पूरी यात्रा को दिखाया जाएगा। इस यात्रा में उत्तराखंड के वीर स्वतंत्रता सेनानियों को भी दर्शाया गया है।
उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के देहरादून कार्यालय की सहायक निदेशक डॉ. संतोष आशीष ने बताया कि चित्र प्रदर्शनी में एक भारत-श्रेष्ठ भारत के तहत उत्तराखंड राज्य के पार्टनर स्टेट कर्नाटक की संस्कृति एवं सभ्यता को भी दर्शाया जाएगा। मुख्य मंच पर प्रतिदिन उत्तराखंड एवं कर्नाटक के सांस्कृतिक दलों द्वारा कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शनी में आत्मनिर्भर भारत से संबंधित विभिन्न योजनाओं तथा इसके साथ ही इस वर्ष भारत द्वारा जी-20 की अध्यक्षता किए जाने के तहत इस विषय को भी इस प्रदर्शनी में शामिल किया गया है।
उन्होंने बताया कि केवीआईसी द्वारा भी लगभग 40 स्टाल्स लगाए जाएंगे। साथ ही एमएसएमई द्वारा भी आत्मनिर्भर भारत पर आधारित लगभग 30 स्टाल लगाए जा रहे हैं। इसके साथ स्वास्थ्य विभाग, पोस्ट ऑफिस, स्टेट बैंक, बाल विकास एवं प्रधान मंत्री कौशल विकास योजना द्वारा भी लगभग 10 स्टाल्स का आयोजन किया जा रहा है।
डा. संतोष आशीष ने बताया कि इस आयोजन का शुभारंभ 26 जनवरी को 11ः45 बजे मुख्यमंत्री द्वारा किया जायेगा। समापन समारोह 31 जनवरी बीटिंग रिट्रीट की तर्ज पर आयोजित किया जा रहा है जिसमें मुख्य अतिथि के तौर पर राज्यपाल उपस्थित होंगे। इस अवसर पर IMA आईटीबीपी, स्काउट एंड गाइड, सीआरपीएफ और पुलिस के बैंड दलों द्वारा परेड की जाएगी। साथ ही ITDA द्वारा Dron शो आयोजित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त नमामि गंगे द्वारा लेजर शो तथा केंद्रीय संचार ब्यूरो द्वारा साउंड एंड लाइट शो का आयोजन भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड राज्य सरकार एवं पुलिस प्रशासन द्वारा भी इस संपूर्ण आयोजन में पूरा सहयोग मिल रहा है । विभिन्न स्कूलों के छात्र छात्राओ जो कि यहां पर पहुंचेंगे उनके बीच विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओ का आयोजन भी किया जाएगा जिसमें चित्रकला प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता भाषण प्रतियोगिता के साथ ही आयोजित प्रदर्शनी पर आधारित प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा और विजताओं को पुरस्कृत भी किया जाएगा।
डॉ. आशीष ने बताया कि इस प्रदर्शनी में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क है और प्रातः 10 बजे से सायं 7 बजे तक यह प्रदर्शनी जारी रहेगी। उन्होंने आम जन मानस से अधिक से अधिक संख्या में इस प्रदर्शनी का अवलोकन करने और उससे लाभान्वित होने का आह्वान किया है।