देहरादून 24 सितंबर, गढ़वाल का विकास डॉट कॉम। उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी के साथ घटी घटना को दिल दहलाने वाला बताते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं राहुल गांधी व प्रियंका गांधी ने महिला सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए है।
उत्तराखंड की बेटी *अंकिता भंडारी* के हत्याकांड पर राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए कहा कि मुरादाबाद और उत्तराखंड में युवतियों के साथ जो घटनाएं हुई हैं उसने सबका दिल दहला दिया है।
उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा में, मैं कई प्रतिभाशाली बच्चियों और युवतियों से मिल रहा हूं, उन्हें सुन रहा हूं। एक बात साफ़ है, हमारा भारत तब ही आगे बढ़ेगा, जब देश की महिलाएं सुरक्षित होंगी।
इसी तरह श्रीमती प्रियंका गांधी ने उत्तराखंड में अंकिता भंडारी के साथ घटी घटना को दिल दहलाने वाला बताया है। तमाम सपनों को लेकर लड़कियां अपने घरों से बाहर काम करने निकलती हैं, लेकिन उनके खिलाफ ऐसे जघन्य अपराध करने वाले अपराधी उनके हौसलों पर भी हमला करते हैं। मैं सोच सकती हूं कि इस लड़की के मां बाप पर क्या गुजर रही होगी।
उन्होंने कहा कि नौकरी/काम करने वाली लड़कियों को सुरक्षा देना और नौकरी की जगहों को सुरक्षित बनाना सरकार की जिम्मेदारी है। सरकारों को महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देनी ही होगी। त्वरित कार्रवाई और सख्त सजा व महिला सुरक्षा के उचित प्रावधानों से ही इस समस्या का हल निकलेगा।