गढ़वाल का विकास डॉट कॉम, देहरादून। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने बढती मंहगाई, बेरोजगारी एवं भ्रष्टाचार के विरोध में उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री गणेश गोदियाल के आह्रवान पर कल दिनांक 3 जनवरी, 2022 को प्रदेश के सभी जिला एवं शहर मुख्यालयों में हाथ पर काली पट्टी बांध कर विरोध प्रदर्शन के साथ भाजपा सरकार का पुतला दहन करने का निर्णय लिया है।
उपरोक्त जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महासचिव संगठन मथुरादत्त जोशी ने बताया कि भाजपा शासन में आम जनता मंहगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी से पूरे देश की जनता त्रस्त हो चुकी है, मंहगाई, बेरोजगारी तथा भ्रष्टाचार भाजपा सरकारों की पहचान बन गई है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की बेरोजगारी दर राष्ट्रीय बेरोजगारी दर की भी दुगनी है। एक तरफ रोजगार देने मे सरकार असमर्थ है सारी नौकरियां सिर्फ कागजों तक ही सीमित है और दूसरी तरफ जिनके पास नौकरी है वो सरकार के तानाशाहीपूर्ण रवैये से परेशान है। राज्य की भाजपा सरकार का 5 वर्ष का कार्यकाल पूरी तरह से असफल रहा है। भाजपा द्वारा 5 वर्ष के कार्यकाल में तीन बार मुख्यमंत्री बदलने से यह साबित भी हो गया है कि भाजपा की राज्य सरकार ने अपने पूरे कार्यकाल में कोई भी कार्य नहीं किया। प्रदेश की जनता मंहगाई से त्राहिमाम-त्राहिमाम कर रही है। अनाज, सब्जियां, फल, खाद्यय तेल, पेट्रोल, डीजल की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि से परेशान जनता अब रसोई गैस की कीमतों में की गई मूल्य वृद्धि से भारी आक्रोशित है। प्रदेश का नौजवान सरकारी सेवाओं की विज्ञप्तियों को देखने के लिए तरस गया है भाजपा ने प्रदेश सरकार का बार-बार चेहरा बदल कर इस बात को खुद ही साबित कर दिया है कि डबल इंजन की सरकार बनने पर जनता से किये गये वादे प्रधानमंत्री भी भूल गये हैं। गरीब जनता उज्ज्वला योजना के नाम पर बांटे गये सिलेण्डर नहीं भर पा रही है। सरकारी योजनाएं भारी भ्रष्टाचार की भेंट चढती जा रही हैं। राज्य के कर्मचारी वर्ग में भारी असंतोष है। उन्होंने कहा कि इन्हीं जनहित के मुद्दों को लेकर कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री गणेश गोदियाल के आह्रवान पर कांग्र्रेस पार्टी दिनांक 3 जनवरी, 2022 को प्रदेश के सभी जिला एवं शहर मुख्यालयों में हाथ पर काली पट्टी बांध कर विरोध प्रदर्शन के साथ भाजपा सरकार का पुतला दहन करेगी।