NHAI ने की 1 अप्रैल से फास्टैग वार्षिक पास शुल्क में बढ़ोत्तरी की घोषणा

नई दिल्ली। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए FASTag वार्षिक पास की लागू फीस को मौजूदा 3,000 रुपये से बढ़ाकर 3,075 रुपये करने की घोषणा की है। बढ़ी हुई फीस 1 अप्रैल 2026 से लागू होगी । फीस में यह संशोधन राष्ट्रीय राजमार्ग शुल्क (दर निर्धारण एवं संग्रह) नियम, 2008 के प्रावधानों के अनुसार किया गया है । 56 लाख से अधिक उपयोगकर्ताओं के साथ , निजी वाहन मालिकों के बीच FASTag वार्षिक पास का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है।

संशोधित दर वैध FASTag वाले पात्र गैर-व्यावसायिक वाहनों पर लागू होगी, जो राष्ट्रीय राजमार्गों और राष्ट्रीय एक्सप्रेसवे पर लगभग 1,150 टोल प्लाजा पर वार्षिक पास सुविधा का लाभ उठाना चाहते हैं । FASTag वार्षिक पास से FASTag को बार-बार रिचार्ज करने की आवश्यकता समाप्त हो जाती है। एक बार का शुल्क भुगतान एक वर्ष की वैधता या 200 टोल प्लाजा क्रॉसिंग के लिए मान्य होता है। यह पास वैध FASTag वाले सभी गैर-व्यावसायिक वाहनों के लिए लागू है।

राजमार्ग यात्रा ऐप या भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की वेबसाइट के माध्यम से एकमुश्त शुल्क का भुगतान करने के बाद, वाहन से जुड़े मौजूदा FASTag पर वार्षिक पास दो घंटे के भीतर सक्रिय हो जाता है।

15 अगस्त 2025 को लॉन्च किए गए FASTag वार्षिक पास को मिली जबरदस्त प्रतिक्रिया इस बात को रेखांकित करती है कि यह देश भर में राष्ट्रीय राजमार्ग उपयोगकर्ताओं को अधिक सुविधा और लागत प्रभावी यात्रा विकल्प प्रदान करता है । (PIB)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *