पत्नी समेत BJP में शामिल हुए भीमताल से निर्दलीय विधायक राम सिंह कैड़ा

Garhwalkavikas.com, देहरादून। उत्तराखंड की भीमताल विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक राम सिंह कैड़ा ने पत्नी के साथ BJP में शामिल हो गये। पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, महासचिव व उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत गौतम, पार्टी के मीडिया विभाग के प्रभारी व राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक की मौजूदगी में कैड़ा ने BJP की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान उनकी पत्नी ओखला कांडा ब्लॉक प्रमुख कमलेश कैड़ा ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ईरानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को संवैधानिक पद पर रहते हुए देश सेवा के दो दशक पूर्ण किये और इस दौरान संगठन को समाज से जोड़कर भारत के नवनिर्माण में उन्होंने अभूतपूर्व योगदान दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘इसी से प्रेरित होकर कैड़ा भाजपा में शामिल हुए हैं। मैं उनका भाजपा परिवार में अभिनंदन करती हूं। संगठन की राह पर चलकर वह उत्तराखंड को सशक्त और स्वाभिमानी बनाने में योगदान देंगे, यह कामना करती हूं।’’
बलूनी ने कहा कि पिछले एक माह में लगातार भाजपा में शमिल होने का कार्यक्रम चल रहा है और कैड़ा तीसरे विधायक हैं जिन्होंने इस दौरान भाजपा का दामन थामा है। उन्होंने दावा किया कि उत्तराखंड में भाजपा के पक्ष में ‘‘प्रचंड लहर’’ चल रही है।
भाजपा का सदस्य बनने के बाद कैड़ा ने कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है जो अंतर-आत्मा की आवाज से जनता के लिए काम करती है। वह देश, समाज और जनता के लिए काम करने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि भाजपा के एक कार्यकर्ता के रूप में वह मजबूती से काम करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *