देहरादून, गढ़वाल का विकास डॉट कॉम। एक बार फिर से कोरोना के बढ़ते खतरे के बीच राजधानी देहरादून के डालनवाला क्षेत्र के एक प्राइवेट स्कूल में चौथी क्लास की एक छात्रा कोरोना पॉजिटिव मिली है। छात्रा के पॉजिटिव मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग व शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। इस जानकारी के बाद शनिवार को स्कूल बंद कर सेनेटाइज किया गया।
हालांकि, राहत की बात यह रही कि छात्रा तीन दिन से स्कूल नहीं आ रही थीं। ऐसे में अन्य बच्चों में संक्रमण की आशंका कम है। बताया जाता है कि स्कूल प्रबंधन द्वारा एक छात्रा के पॉजिटिव आने की सूचना मिलने के बाद इसकी जानकारी जिलाधिकारी एवं मुख्य शिक्षा अधिकारी को दी। उनके निर्देशों पर शनिवार को बच्चों की छुट्टी कर दी गई।
इधर मुख्य शिक्षा अधिकारी के मुताबिक स्कूल में कोरोना पाजिटिव केस मिलने के बाद शनिवार और रविवार को स्कूल बंद किया गया है। सोमवार को स्थितियों का जायजा लेने के बाद स्कूल खोलने या बंद रखने का निर्णय लिया जाएगा। अन्य सभी स्कूलों को भी एहतियात बरतने के निर्देश दे दिए गए हैं।