रेखा आर्या से सहानुभूति, लेकिन घोटाले और ₹210 करोड़ की कथित बेनामी संपत्ति का देना होगा जवाब: कांग्रेस

– कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा, मंत्री और मुख्यमंत्री सार्वजनिक रूप से दें स्पष्टीकरण,

– निष्पक्ष जांच के साथ इस्तीफे की मांग पर भी हो विचार

देहरादून, गढ़वाल का विकास डॉट कॉम। उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के वायरल वीडियो को लेकर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यदि उनके साथ किसी प्रकार की प्रताड़ना हुई है, तो एक उत्तराखंड की बेटी होने के नाते कांग्रेस को उनके प्रति पूरी सहानुभूति है। उन्होंने कहा कि किसी भी महिला के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए, लेकिन महिला सुरक्षा और सम्मान के मामलें के साथ ही मंत्री से जुड़े गंभीर आरोपों पर भी जवाबदेही तय होनी चाहिए।

उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि रेखा आर्या के पति को लेकर ₹210 करोड़ की कथित बेनामी संपत्ति और स्कूली बच्चों के मिड-डे मील के राशन से जुड़े गंभीर आरोप भी सामने आए हैं, लिहाजा इन आरोपों की सच्चाई सामने आनी चाहिए। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि मंत्री रेखा आर्य और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को इस मामले पर सार्वजनिक रूप से स्पष्टीकरण देना चाहिए।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि रेखा आर्य प्रदेश की कैबिनेट मंत्री हैं, इसलिए मामला केवल सहानुभूति तक सीमित नहीं रह सकता। पद की गरिमा और जनहित को देखते हुए मुख्यमंत्री को निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करनी चाहिए। साथ ही आरोपों की गंभीरता को देखते हुए जांच पूरी होने तक मंत्री पद से इस्तीफे की मांग पर भी विचार होना चाहिए।

श्री गोदियाल ने कहा कि उत्तराखंड में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और न्याय के सवालों पर सरकार को जवाब देना होगा। आरोप किसी के भी खिलाफ हों, सच सामने आना चाहिए और दोष सिद्ध होने पर कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *