नई दिल्ली/देहरादून, गढ़वाल का विकास डॉट कॉम। उत्तराखंड में संगठनात्मक बदलाव करते हुए कांग्रेस हाईकमान ने गणेश गोदियाल को प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल द्वारा मंगलवार को जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में इस नियुक्ति की घोषणा की गई।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के अलावा पार्टी नेतृत्व के द्वारा दो महत्वपूर्ण समितियों के अध्यक्षों की नियुक्ति को भी मंजूरी दी है। इसके तहत पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह को कांग्रेस प्रचार अभियान समिति (Campaign Committee) का अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत को चुनाव प्रबंधन समिति (Election Management Committee) के अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई हैं। 
वहीं, पार्टी ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा की भूमिका और योगदान की सराहना करते हुए उन्हें कांग्रेस कार्यसमिति (Congress Working Committee) में विशेष आमंत्रित सदस्य (Special Invitee) के रूप में शामिल किया है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि उत्तराखंड कांग्रेस में यह फेरबदल आगामी चुनावी तैयारियों और संगठन के पुनर्गठन की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।