देहरादून, (गढ़वाल का विकास न्यूज)। उत्तराखंड से आज की सबसे बड़ी खबर कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए CM की मंत्रियों के साथ आयोजित अनौपचारिक बैठक में पूर्ण लॉक डाउन पर सहमति नहीं बन पायी। लॉकडाउन पर तीरथ सरकार के हिम्मत न जुटा पाने के कारण देहरादून, हरिद्वार और उधम सिंह नगर में 10 मई तक सख्त कोरोना कर्फ्यू लगाने का निर्णय लिया गया हैं।
शासकीय प्रवक्ता सुबोध उनियाल ने बताया कि अभी तक इन जिलों में कुछ इलाकों में ही कोरोना का कर्फ्यू लगाया गया था लेकिन अब पूरे जिले में कोरोना कर्फ्यू लगाया जाएगा। वही तमाम नगर निगम में भी पूर्ण कोरोना कर्फ्यू होगा। इसके अलावा जिलाधिकारी अपने हिसाब से स्थिति को देखते हुए फैसला लेंगे कि उन्हें जिले में किस तरीके की और सख्ती करनी अनिवार्य है।
वही परचून की दुकानों को अब हर रोज नहीं खोला जा सकेगा। इसके लिए अल्टरनेट डेज की व्यवस्था बनाई जाएगी। देहरादून हरिद्वार और उधम सिंह नगर जिले में 10 मई तक कोरोना कर्फ्यू बढ़ चुका है। इसके अलावा चमोली, पौड़ी, नैनीताल और टिहरी के प्रभावित जिलों के लिए भी आदेश जिला अधिकारियों द्वारा जारी किए जा चुके हैं। कहीं 9 मई तक तो कहीं 10 मई तक पूर्ण कर्फ्यू लगाया गया है।
विदित हो कि कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत राज्य में लॉकडाउन लगाए जाने के पक्ष में नज़र आए है पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, हरीश रावत भी राज्य में लॉकडाउन के पक्ष में अपनी बात कह चुके है। यही नहीं सचिवालय संघ ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर उत्तराखंड में 15 दिनों का लॉकडाउन लगाने की बात कहीं थी।