विस अध्यक्ष ने सहयोग के लिए सदस्यों को कहा धन्यवाद Garhwalkavikas.com, देहरादून। शीतकालीन सत्र के द्वितीय दिवस पर आज एक बार फिर प्रश्नकाल के दौरान सदन में माननीय सदस्यों द्वारा पूछे गए सभी तारांकित प्रश्नों को निश्चित समय अवधि में उत्तरित किया गया। प्रेमचंद अग्रवाल के विधानसभा अध्यक्ष रहते हुए आज 27वीं बार ऐसा हुआ है कि सदन में सभी तारांकित प्रश्नों को उत्तरित किया गया। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने सदन में पीठ से सभी माननीय सदस्यों का सहयोग के लिए धन्यवाद भी व्यक्त किया|
विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने पीठ से कहा कि
“सम्मानित सदन को सूचित करते हुए मुझे हर्ष और गर्व की अनुभूति हो रही है कि आज भी कार्य सूची में सम्मिलित सभी तारांकित प्रश्न उत्तरित हुए हैं संभवतः यह इस चतुर्थ विधानसभा का अंतिम प्रश्न काल था| कुल 68 में से 27 उपवेशनों में कार्यसूची में अंकित सभी तारांकित प्रश्नों का उत्तरित होना एक रिकॉर्ड है और मुझे लगता है कि उत्तराखंड विधानसभा के इस रिकॉर्ड को तोड़ना अत्यंत चुनौतीपूर्ण होगा| परंतु जब भी यह टूटेगा में सबसे ज्यादा खुश होऊंगा क्योंकि यह इस बात का घोतक होगा कि उत्तराखंड की इस विधानसभा द्वारा बनाई गई नजीर अन्य विधायिकाओ तक भी पहुंची और संसदीय लोकतंत्र मजबूत हुआ| यह उपलब्धि आप सब के सहयोग के बिना संभव नहीं थी, मैं सदन के सभी माननीय सदस्यों विपक्ष तथा सत्ता पक्ष दोनों को इसके लिए साधुवाद देता हूं और आशा करता हूं कि भविष्य में यह स्वस्थ परंपरा कायम रहेगी|”