ओलावृष्टि व आंधी की भी चेतावनी
देहरादून। झुलसाने वाली गर्मी व तेज धूप से परेशान लोगों के लिए यह खबर कुछ राहत देने वाली है। मौसम विभाग ने दो दिन बारिश व आंधी की चेतावनी जारी की है।
तेज धूप, उमस और गर्म हवाओं से परेशान लोगों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने दो दिन बारिश की चेतावनी जारी की है। प्रदेश में सोमवार से अगले 36 घंटे के दौरान ओलावृष्टि और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही तपते पहाड़ को अगले दो दिनों में काफी हद तक गर्मी से राहत मिल जाएगी। मैदानी इलाकों में भी आंधी, बारिश और ओलावृष्टि होगी। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि सोमवार को पर्वतीय क्षेत्रों में आसमान में बादल छा सकते हैं। गढ़वाल व कुमाऊं मंडल में कहीं-कहीं गरजन वाले बादल विकसित होने के साथ बारिश हो सकती है। कई जगह अगले 36 घंटे के अंतर्गत तेज रफ्तार हवाओं के साथ ओलावृष्टि हो सकती है। राजधानी देहरादून व आसपास के मैदानी इलाकों में भी आसमान में आंशिक रूप से बादल छाये रहेंगे। अपराह्न अथवा शाम को कुछ क्षेत्रों में गरजन वाले बादल विकसित होने से हल्की बारिश व ओलावृष्टि भी हो सकती है। कहीं-कहीं तेज हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम केंद्र प्रभारी बिक्रम सिंह ने बताया कि सोमवार रात से मौसम में बदलाव हो सकता है। मंगलवार और बुधवार को प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में अच्छी बारिश हो सकती है।