देहरादून। राज्य महिला आयोग की टीम ने बृहस्पतिवार को दून महिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम को अस्पताल में कई तरह की खामियां मिलीं। अस्पताल में मौजूद 29 बेडों पर 41 मरीज भर्ती मिले। टीम ने अस्पताल प्रबंधन से जवाब तलब किया। साथ ही कहा कि व्यवस्थाओं को जल्द सुधारा जाए।
राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष सरोजन कैंतुरा व सदस्य सचिव रमिंद्री मंद्रवाल आज सुबह दून मेडिकल कालेज के महिला अस्पताल पहुंचीं। यहां पर उन्होंने वाडरे का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान देखा कि चिकित्सालय के पास मौजूद 29 बेडों पर 41 मरीजों को रखा गया है। इस पर आयोग की अध्यक्ष ने अस्पताल से जवाब तलब किया। इस पर अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक ने कहा कि अतिरिक्त बेैडों की मांग की गई है। टीम ने निरीक्षण के दौरान देखा कि अस्पताल के 22 वार्मरों में से मात्र 12 ही चालू हालत में हैं। अस्पताल में मात्र दो ही वेंटीलेटर लगे हुए हैं। टीम ने कहा कि अस्पताल में प्रतिदिन होने वाली ओपीडी के हिसाब से कम से कम पचास बेड की व्यवस्था होनी चाहिए। अन्य खामियों को भी जल्द दूर करने के लिए कहा गया है।