पार्टी की हालत कमजोर : कांग्रेस प्रदेश सचिव

पौड़ी। कांग्रेस के प्रदेश सचिव विजय सिंह नेगी ने स्वीकार किया कि आगामी चुनावों को लेकर पार्टी की स्थिति बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में बगैर बायोडाटा व योग्यता देखे पर्यवेक्षक प्रत्याशियों का चयन कर रहे हैं, ऐसे में संगठन लगातार कमजोर होता जा रहा है। कांग्रेस के प्रदेश सचिव विजय सिंह नेगी ने पौड़ी में संगठन की स्थिति को सामने रखते हुए प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह समेत तमाम बड़े नेताओं को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि पौड़ी में जिलाध्यक्ष पद पर नियुक्ति के लिए दो दिग्गजों की लड़ाई दिल्ली दरबार तक जा पहुंची है। उन्होंने जिलाध्यक्ष पद के लिए महेश ढौंडियाल की पैरवी करते हुए कहा कि बगैर मतदान के उन्हें चुन लिया जाना चाहिए। उन्होंने लोकसभा चुनाव के लिए भी गढ़वाल सीट से कर्नल अजय कोठियाल की पैरवी की। उन्होंने कहा कि पार्टी में पर्यवेक्षकों की नियुक्ति मात्र खानापूर्ति के लिए की जा रही है। बगैर बायोडाटा व सक्रियता को देखे प्रत्याशियों का चयन किया जाता रहा है, जिसका खमियाजा पार्टी को भुगतना पड़ता है। पौड़ी क्षेत्र में आने वाली चार पट्टियों में से केवल पैडुलस्यूं पट्टी को तरजीह दिये जाने के भी उन्होंने आरोप लगाये। उन्होंने कहा कि आगामी पंचायत, निकाय व लोकसभा चुनावों के लिए पार्टी की स्थिति काफी कमजोर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *