देहरादून। गेस्ट टीचरों के लिए अच्छी खबर है। सरकार ने गेस्ट टीचर की नियुक्ति के लिए रास्ता साफ कर दिया है। प्रदेशभर में रिक्त चल रहे प्रवक्ता के 4200 व एलटी के 834 सहायक अध्यापकों के पद पर गेस्ट टीचर की नियुक्ति जल्द हो जाएगी। शुक्रवार को मंत्रिमंडल की बैठक में यह निर्णय लिया गया। हाईकोर्ट द्वारा योग्यता को वरीयता देने के निर्देश के अनुपालन में सरकार ने तय किया है कि गेस्ट टीचर को अनुभव के आधार पर 12 अंक दिये जाएंगे। प्रवक्ता राज्य स्तर पर आवेदन करेंगे और सेवा देने के लिए जिले का विकल्प देंगे जबकि सहायक अध्यापक मंडलीय स्तर पर आवेदन के साथ अपने जिले का चयन कर सकेंगे। अभ्यर्थियों के अभिलेखों का सत्यापन करने के लिए जिलास्तर पर कमेटी होगी। मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक व एक वरिष्ठ प्रिंसिपल इस कमेटी में होंगे, जो अभिलेख सत्यापन के बाद अभ्यर्थी का अंतिम चयन करेंगे। सरकार के इस निर्णय से जहां स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर हो सकेगी, वहीं नौकरी की आस में लटके गेस्ट टीचर व अन्य बेरोजगार युवाओं को सेवा का अवसर मिल जाएगा।