उच्च शिक्षा में मील का पत्थर साबित होगा ज्ञान कुंभ : त्रिवेंद्र

राष्ट्रपति करेंगे उद्घाटन, योगी आदित्यनाथ करेंगे समापन,
देहरादून। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड में आयोजित हो रहे दो दिवसीय ज्ञान कुंभ उच्च शिक्षा के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में शामिल हो रहे 5000 से अधिक शिक्षाविद और शोधार्थी इसे सार्थक बनाएंगे।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि हरिद्वार में आयोजित किये जा रहे इस ज्ञान कुंभ का उद्घाटन तीन नवंबर को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद करेंगे, जबकि समापन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। इस आयोजन में उद्घाटन और समापन सत्रों के अलावा पांच और सत्र होंगे। इन सत्रों के दौरान विषय विशेषज्ञ उच्च शिक्षा को बेहतरीन परिणाम देने के लिए मंथन करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन पांच सत्रों में जहां केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर भाग लेंगे वहीं 17 राज्यों के शिक्षा मंत्री, उत्तराखंड सरकार के मंत्री व राज्यों के शिक्षा सचिव भी भाग ले रहे हैं। इसके अलावा देश के 131 विविद्यालयों के कुलपति, महाविद्यालयों के 150 से अधिक प्राचार्य भाग ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि महाकुंभ में उत्तराखंड के विविद्यालयों के शिक्षक और छात्र भी भाग लेंगे। निजी महाविद्यालयों के भी 385 छात्र और शिक्षाविद इसमें प्रतिभाग कर रहे हैं। स्ववित्त पोषित संस्थानों के 109 निदेशक भी इन सत्रों में भाग लेंगे।
इन विषयों पर होंगे पांच खास सत्र
ज्ञान कुंभ में उद्घाटन व समापन सत्र के अलावा पांच महत्वपूर्ण सत्र होंगे। इनमें पहला सत्र भारत में उच्च शिक्षा की गुणवत्ता में सरकारी प्रयास पर आधारित होगा। इसके अलावा उच्च शिक्षा एवं भारतीय ज्ञान परंपरा, उच्च शिक्षा में नीतियों के निर्माण एवं कार्यान्वयन के साथ ही चौथा सत्र नवोन्मेषी शोध एवं गुणवत्ता सुधार व पांचवें सत्र में उच्च शिक्षा की चुनौतियां व कौशल विकास मुख्य विषय होगा। जिसमें अलग-अलग विषय विशेषज्ञ अपने व्याख्यान देंगे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *