देहरादून (गढ़वाल का विकास न्यूज)। उत्तराखंड के दो पूर्व मुख्यमंत्रियों के बीच जुबानी जंग एक बार फिर तेज हो गयी है। बीते रोज पूर्व सीएम व भाजपा के वरिष्ठ नेता भगत सिंह कोश्यारी की ओर से इशारों में रावत को गीदड़ बताते हुए चुटकी लिए जाने के बाद अब पूर्व सीएम व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने पलटवार किया।
श्री रावत ने कहा कि पिछली हरीश रावत सरकार की उत्तराखंडीयत के लिए प्रारंभ की गई पहल को वर्तमान सरकार ने आगे नहीं बढ़ाया तो इस गीदड़ की मौत से ही 2022 में हाथ का परचम लहराएगा। नैनीताल संसदीय सीट पर हरीश रावत को भाजपा के हाथों मिली करारी हार पर बीते रोज कोश्यारी ने यह कहते हुए व्यंग्य किया था कि ‘गीदड़ की मौत आती है तो.।’ इस निशाने पर हरीश रावत ने सोशल मीडिया पर डाली गई अपनी पोस्ट में चुटकी लेते हुए कहा कि कोश्यारी को शानदार जीत के लिए बधाई।
पोस्ट में श्री रावत ने कहा कि आपने मुझे याद किया, आपने मेरी तुलना गीदड़ से की। बड़े भाई हैं, आपने अपने जीत के क्षण में जो भी कह दिया, शिरोधार्य है। चलिए आपने मुझे लकड़बग्घा तो नहीं कहा जो केवल दूसरों का मारा हुआ खाता है मगर एक बात याद रखियेगा यदि आपने और आपकी पार्टी ने उत्तराखंडियत के लिये और उन पहलों के लिये जो मेरी सरकार ने 3 साल में प्रारंभ की थीं, उनको आगे नहीं बढ़ाया और कुछ विशेष नहीं किया तो इस गीदड़ की मौत से ही 2022 में हाथ का परचम लहरायेगा।
इसी तरह एक अन्य पोस्ट में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की ओर से उन्हें श्हार दाश् संबोधित किए जाने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि आपने मेरे लिये पहले ही भविष्यवाणी कर दी थी कि मैं हारदा हूं। और यकीनन जो यह भाजपा की शानदार जीत हुई है इसने सिद्ध कर दिया है कि मैं हारदा हूं मगर एक भविष्यवाणी मेरी भी सही साबित होने जा रही है। मैंने कहा था रावत पूरे 5 साल और लगता है कि अब आप 5 साल का कार्यकाल पूरा करने वाले नारायण दत्त तिवारी जी के बाद राज्य के दूसरे मुख्यमंत्री होंगेए बधाई आपको।