उत्तराखंड: रेस्क्यू कर पिथौरागढ़ लाए गए सातों पर्वतारोहियों के शव

पिथौरागढ़/देहरादून(गढ़वाल का विकास न्यूज)। नंदा देवी आरोहण अभियान के दौरान एवलांच की चपेट में आने से मृत आठ में से सात पर्वतारोहियों के शवों को पिथौरागढ़ लाया गया है। शवों को हल्द्वानी जिला अस्पताल में रखा जाएगा। नंदा देवी में मौसम खबर होने के कारण एक शव को अभी रेस्‍क्‍यू नहीं किया जा सका है।
नंदा देवी पर्वत पर पर्वतारोहण के दौरान एवलांच की चपेट में आकर जान गंवाने वाले सात पर्वतारोहियों के शवों को एयरलिफ्ट कर लिया गया है। डेयर डेविल्स अभियान के तहत आईटीबीपी के जवानों ने पहले चरण में दो बार में दो दो कर चार शव एयरलिफ्ट किए, वहीं दूसरे चरण में तीन शव लाए गए। शवों को पिथौरागढ़ हवाई स्थित नैनी सैनी हवाई पट्टी पर पहुंचा दिया गया है। शवों को हल्द्वानी जिला अस्पताल में रखा जाएगा। उसके बाद सभी पर्वतारोहियों के शवों को दिल्ली भेजा जाएगा।
ये है मामला
बता दें कि 13 मई को मुनस्यारी से नंदादेवी ईस्ट के लिए गए ब्रिटेन निवासी मार्टिन मोरिन, जोन चार्लिस मैकलर्न, रिचर्ड प्याने, रूपर्ट वेवैल, अमेरिका के एंथोनी सुडेकम, रोनाल्ड बीमेल, आस्ट्रेलिया की महिला पर्वतारोही रूथ मैकन्स और इंडियन माउंटेनियरिंग फेडरेशन के जनसंपर्क अधिकारी चेतन पांडेय पर्वतारोहण के दौरान एवलांच की चपेट में आने से लापता हो गए थे। आईटीबीपी के 18 सदस्यीय हिमवीरों की टीम ने 23 जून को सात पर्वतारोहियों के शवों को निकालकर 17800 फीट की ऊंचाई पर अस्थाई कैंप में रखा था।

पर्वतारोहियों के शवों को लाते सेना के जवान
बेस कैंप दो तक पहुंचाया था शवों को
बता दें कि सात पर्वतारोहियों के शवों को डेयर डेविल्स अभियान के तहत आईटीबीपी के जवानों ने मंगलवार को 17800 फीट की ऊंचाई पर स्थित बेस कैंप-दो में पहुंचा दिया था। देर शाम तक शवों को बेस कैंप वन की ओर लाने की कार्रवाई जारी थी। मौसम ठीक होने पर बुधवार की सुबह सभी शवों को हेलीकाप्टर से पिथौरागढ़ लाया गया। भारत तिब्बत सीमा पुलिस के 18 हिमवीरों की टीम सात पर्वतारोहियों के शवों को निकालने के काम में जुटी थी। हिमवीरों ने चार पर्वतारोहियों के शवों को सोमवार को 18900 फीट की ऊंचाई तक पहुंचाया था। मंगलवार की सुबह पहले तीन शवों को तीन किलोमीटर की खड़ी चढ़ाई तय करके लाया गया। इसके बाद सातों शवों को 17800 फीट ऊंचाई पर स्थित बेस कैंप- दो तक पहुंचाया गया। इसके बाद वहां से शवों को 16500 फीट की ऊंचाई पर स्थित बेस कैंप की ओर लाया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *