देहरादून। राज्य स्थापना दिवस पर उत्तराखंड सरकार ने क्रि केटर एकता बिष्ट को खेल रत्न व उनके कोच लियाकत अली को द्रोणाचार्य अवार्ड दिया जाएगा। इस आशय के आदेश जारी कर दिये गये हैं।
क्रिकेटर एकता बिष्ट मूलत: अल्मोड़ा की है तथा महिला क्रि केट विश्व कप विजेता टीम की सदस्य रही है। खेल निदेशालय की ओर से खेल रत्न व द्रोणाचार्य अवार्ड के लिए इस वर्ष ओलम्पियन मनीष रावत व उनके कोच अनूप विष्ट के साथ ही क्रि केटर एकता विष्ट व उनके कोच लियाकत अली के नाम की संस्तुति कर शासन को भेजी गई थी। शासन ने खेल रत्न के लिए एकता बिष्ट व द्रोणाचार्य अवार्ड के लिए लियाकत अली के नाम पर मोहर लगा दी। उन्हें यह एवार्ड राज्य स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत प्रदान करेंगे। खेल रत्न अवार्ड में पांच लाख रुपये व द्रोणाचार्य अवार्ड के लिए तीन लाख रुपये नकद, प्रशस्ति पत्र तथा शॉल से सम्मानित किया जाएगा।