केदारनाथ के लिए श्रद्धालु अब आनलाइन बुक करा सकेंगे हैली कम्पनियों के टिकट

7 अगस्त से शुुरू हुई आनलाईन बुकिंग
देहरादून (गढ़वाल का विकास न्यूज)। बाबा केदारनाथ के दर्शन के अभिलाषी श्रद्धालु अब आनलाईन पोर्टल heliservices.uk.gov.in के माध्यम से समस्त अधिकृत हैली कम्पनियों की टिकटें बुक कर सकेंगे। 07 अगस्त से शुुरू हुई आनलाईन बुकिंग के पहले दो दिनों में कुल 222 टिकटों के सापेक्ष 1013 यात्रियों ने फाटा, सिरसी तथा गुप्तकाशी से अपना आरक्षण करवाया। दूसरे चरण में हैली सेवायें 10 सितम्बर से पुनः संचालित की जायेंगी। यात्रीगण यात्रा आरम्भ होने के 24 घंटे पहले तक अपनी टिकट रिफण्ड करवा सकेंगे।
सचिव पर्यटन एवं नागरिक उडडयन दिलीप जावलकर ने कहा कि टिकट बुकिंग में पारदर्शिता लाने तथा टिकटों की कालाबाजारी पर विराम लगाने के लिए सरकार द्वारा यह कदम उठाया गया है। इस पहल को आरम्भ करने से पूर्व सभी हैली सेवा प्रदाता कम्पनियों के साथ वार्ता कर सहमति प्राप्त कर ली गयी है। उन्होंने बताया कि 70 प्रतिशत टिकटों की बुकिंग आनलाईन माध्यमों से तथा शेष 30 प्रतिशत टिकटों की बुकिंग काउन्टरसे आन द स्पाॅट की जायेगी। इसके लिए गुप्तकाशी में 01 और फाटा में 02 काउन्टर स्थापित किये जायेंगें। सिरसी में इन्टरनेट सेवा सुचारू न होने के कारण सिरसी हैलीपैड की आन द स्पाॅट बुकिंग फाटा में स्थापित दूसरे काउन्टर से की जायेगी।
उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था लागू हो जाने से यात्रियों को बुकिंग के समान अवसर प्राप्त हों सकेंगे, साथ ही स्थानीय टैवल आपरेटर्स भी इससे लाभान्वित होंगे। नई व्यवस्था के अन्तर्गत टैवल एजेन्टस को पृथक login id उपलब्ध करायी जा रही है, जिसके लिए टैवल एजेन्टस का उत्तराखण्ड पर्यटन विकास परिषद में पंजीकृत होना अनिवार्य शर्त है। ये पंजीकृत टैवल एजेन्टस प्रतियात्री अधिकतम रू0 100/- का सेवा शुल्क ले सकेंगे, जिसका स्पष्ट उल्लेख प्राप्ति रसीद में किया जायेगा। बुकिंग साॅफ्टवेयर एन0आई0सी0 द्वारा तैयार किया गया है, जबकि इसके लिए यस बैंक के माध्यम से भुगतान सम्बन्धी औपचारिकतायें पूरी की जायेंगी। ज्ञातव्य है कि इससे पूर्व हैली कम्पनियों द्वारा अपनी निजी वेबसाईट से टिकटों की बुकिंग की जा रही थी, जिसमें यात्रियों द्वारा हैली कम्पनियों की एकाधिकारिता तथा टिकटों की ब्लैक मार्केटिंग की शिकायतें की जा रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *