कांग्रेस सेवा दल ने धूम धाम से मनाया अगस्त क्रांति दिवस

भारत की आज़ादी के इतिहास का मील का पत्थर थी अगस्त क्रांति: धस्माना
देहरादून (गढ़वाल का विकास न्यूज)। अगस्त क्रांति दिवस की 77वीं जयंती के अवसर पर कांग्रेस सेवा दल के तत्वाधान में आज कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रातः कांग्रेस मुख्यालय में पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और समस्त काँग्रेस जनों को अगस्त क्रांति दिवस की शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह के प्रतिनिधि के रूप में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने मुख्य वक्ता के रूप में अपने संबोधन में अगस्त क्रांति को भारत की आज़ादी का मील का पत्थर करार दिया। उन्होंने कहा कि 8 अगस्त की शाम 1942 के मुम्बई अधिवेशन में जब अंग्रेज़ो भारत छोड़ो के नारे का प्रस्ताव पारित हुआ तभी गांधी जी ने देश की जनता से आह्वाहन किया कि अब करो या मरो की लड़ाई लड़ कर अंग्रेजों को देश से बाहर खदेड़ कर भारत को सम्पूर्ण आज़ादी दिलवानी है। श्री धस्माना ने कहा कि महात्मा के उस आह्वाहन ने देश के निहत्ते भारतीयों में आज़ादी का जुनून भर दिया और 9 अगस्त को देश के हर हिस्से में लाखों लोग अंग्रेजों के खिलाफ सड़कों पर उतर आए। इस आंदोलन में लगभह एक हज़ार लोगों ने अपने प्राणों की आहूति दी 16000 से ज्यादा लोगों को नज़रबन्द किया गया व लाखों लोगों को जेलों की सलाखों के पीछे डाल दिया गया। श्री धस्माना ने कहा कि जब देश में कांग्रेस के लोग जनता के साथ मिल कर अंग्रेजों भारत छोड़ो के नारे लगा कर संघर्ष कर रहे थे उस वक्त वे लोग जो आज कांग्रेस को राष्ट्रभक्ति सीखाने का काम कर रहे हैं तब अंग्रेजों के लिए मुखबिर का काम कर रहे थे। श्री धस्माना ने कहा कि आज यही ताकतें जो एक जमाने में अंग्रेजों की पिट्ठू हुआ करती थीं कांग्रेस के खिलाफ साजिशें कर रही हैं। श्री धस्माना ने सभी कांग्रेस जनों से इस संकट काल में देश की एकता अखंडता के लिए कांग्रेस को मजबूत करने का संकल्प लेने का आह्वाहन किया। सभा में कांग्रेस सेवा दल के राष्ट्रीय महामंत्री व उत्तराखंड प्रभारी डॉक्टर अमरजीत सिंह ने सभी को इसकी शपथ दिलवाई।
सभा के पश्चात श्री धस्माना ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के अध्यक्ष श्री राजेश रस्तोगी को राष्ट्रीय ध्वज सौंपा जिसे लेकर कांग्रेस सेवा दल के कार्यकर्ताओं ने तिरंगा यात्रा निकाली जो कांग्रेस मुख्यालय से घण्टाघर दर्शनलाल चौक होते हुए कचहरी स्थित शहीद स्थल पहुंची जहां राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के पश्चात गांधी पार्क पहुंच कर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम समाप्त किया गया। सांयकाल श्री धस्माना ने ध्वज उतारने की रसम पूरी की। कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शूरवीर सिंह सजवाण,गरिमा दसोनि, आरपी रतूड़ी, लाखी राम बिजल्वाण, लाल चंद शर्मा, राजेश शर्मा, सावित्री थापा, एसपी बहुगुणा, सेवादल प्रभारी अमरजीत सिंह, अध्यक्ष राजेश रस्तोगी, मनमोहन शर्मा, राजिंदर दुर्गापाल, भगवती बिष्ट, दान सिंह नेगी, डॉ नोमान रजा, संदीप जायसवाल, राजकुमार यादव, शिवा भट, पीयूष गौर, इल्म चंद चौहान, कुलदीप शर्मा, डॉ जमशेद आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *